माँ और बेटी का रिश्ता प्यार, विश्वास और भावनाओं से बुना होता है, लेकिन क्या इस रिश्ते में पीढ़ियों से चले आ रहे डर और पुराने जख्म भी अपनी जगह बना लेते हैं? फिल्ममेकर नीरू शर्मा की आगामी शॉर्ट फिल्म ‘लाइक माँ’ इसी संवेदनशील सवाल को उठाती है।अभिनेत्री सोनाली कुलकर्णी अभिनीत इस 23 मिनट की फिल्म का ट्रेलर रिलीज़ हो चुका है, जो मातृत्व, सामाजिक संस्कारों और पीड़ित को ही दोषी ठहराने वाली मानसिकता पर सोचने को मजबूर करता है। मेरठ के एक उच्च-मध्यमवर्गीय मोहल्ले की पृष्ठभूमि में बनी यह फिल्म 36 वर्षीय गृहिणी अंजना की कहानी है, जो पारिवारिक जिम्मेदारियों और सामाजिक प्रतिष्ठा के बीच अपनी किशोर बेटी की जरूरतों को समझने की चुनौती से गुजरती है। कहानी दिखाती है कि परिवार की इज्जत और समाज के डर के बीच बच्चे की भावनाओं को समझना कितना जरूरी है।

