पाकिस्तान ने अपने सैनिकों को भी नहीं अपनाया: मंगलानंदन

देश-विदेश

कारगिल के शवों पर यूएन में भारत ने पाकिस्तान को घेरा
जिनेवा । आतंकवाद, धार्मिक स्वतंत्रता और अल्पसंख्यकों के अधिकारों जैसे मुद्दों पर पाकिस्तान के दोहरे चेहरे को भारत ने एक बार फिर संयुक्त राष्ट्र में उजागर किया है। भारत ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय को ठोस सबूत दिखाते हुए स्पष्ट किया कि पाकिस्तान के पास भारत के केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर और उसके आंतरिक मामलों पर टिप्पणी करने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। प्रथम सचिव भाविका मंगलानंदन ने असाधारण परिस्थितियों में अंतिम संस्कार के अधिकारों के विषय पर, धर्म और विश्वास की स्वतंत्रता से जुड़े एक विशेष प्रतिवेदक के साथ हुई बातचीत में हिस्सा लेते हुए पाकिस्तान को जमकर लताड़ा। इस दौरान, भाविका मंगलानंदन ने एक रिपोर्ट का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें कोविड-19 के दौरान हुई सभी गलत प्रथाओं के लिए केवल ग्लोबल साउथ को जिम्मेदार ठहराया गया है, जबकि विकसित देशों में ऐसी ही दुखद स्थितियों को पूरी तरह से नजरअंदाज कर दिया गया। उन्होंने ऐसे आतंकवादियों के अधिकारों की पुरजोर वकालत पर भी आपत्ति जताई, जो स्वयं जीने के सबसे पवित्र मानवाधिकार का उल्लंघन करते हैं।भाविका ने पाकिस्तान को जमकर लताड़ते हुए कहा, यह बड़ी विडंबना है कि जो देश 1999 में कारगिल युद्ध के दौरान मारे गए अपने ही सैनिकों के शवों को स्वीकार करने तक को तैयार नहीं था, वह आज आस्था, धार्मिक स्वतंत्रता और दफनाने के अधिकारों पर बड़े जोश के साथ बात कर रहा है। उन्होंने पाकिस्तान के प्रतिनिधि को याद दिलाया कि भारतीय सेना ने ही कई पाकिस्तानी सैनिकों को पूरे सैन्य सम्मान और इस्लामी रीति-रिवाजों के अनुसार दफनाया था।भाविका ने पाकिस्तान को सलाह दी कि भारत के केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर को लेकर जो उनका गहरा जुनून है, उसे अपने अवैध कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर के हिस्सों (जैसे रावलकोट) में हो रहे विकास कार्यों की ओर मोड़ना चाहिए। उन्होंने पाकिस्तान में कई अल्पसंख्यक समुदायों की घटती संख्या और उनके अधिकारों के लगातार हनन का भी उल्लेख किया। भाविका ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जो देश अपने ही अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं कर सकता, उसे भारत को उपदेश देने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।