खड़गे के खिलाफ दिल्ली पुलिस में शिकायत, एफआईआर दर्ज करने की मांग

ताज़ा खबर देश-विदेश

प्रधानमंत्री मोदी और उनके पिता को लेकर अपमानजनक टिप्पणी की
नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके दिवंगत पिता को लेकर कथित अपमानजनक टिप्पणी के मामले में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के खिलाफ दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज हुई है। हिंदू सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु गुप्ता ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर को शिकायत सौंपकर कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे के खिलाफ प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज करने और सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
शिकायतकर्ता हिंदू सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुप्ता का आरोप है कि हाल ही में सार्वजनिक संबोधन के दौरान कांग्रेस नेता खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके परिवार को लेकर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया। शिकायत में दावा किया गया है कि खड़गे ने मोदी का बाप जैसी अभद्र टिप्पणी की, जो सार्वजनिक जीवन में किसी के लिए भी स्वीकार्य नहीं है। हिंदू सेना ने कांग्रेस नेता खरगे के कथित बयान को प्रधानमंत्री मोदी के संवैधानिक पद का अपमान बताकर पुलिस से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की अपील की है।
हिंदू सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुप्ता ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ इस तरह की कथित अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल पूरी तरह अस्वीकार्य है। उनके अनुसार, ऐसी टिप्पणियों से करोड़ों नागरिकों की भावनाएं आहत हो सकती हैं और सार्वजनिक शांति पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। उन्होंने कहा कि कानून की नजर में कोई भी व्यक्ति कानून से ऊपर नहीं है। इसलिए पुलिस को शिकायत पर गंभीरता से विचार खड़गे के खिलाफ एफआईआर दर्ज करनी चाहिए और नियमानुसार कार्रवाई करनी चाहिए। हिंदू सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुप्ता ने खुद को एक जिम्मेदार नागरिक और हिंदू सेना का प्रमुख बताकर कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति के कथित अपमान को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। श्री गुप्ता ने अपनी शिकायत में दिल्ली पुलिस से अनुरोध किया गया है कि कथित अपमानजनक टिप्पणी और सार्वजनिक शांति भंग होने की आशंका से जुड़े आरोपों की जांच की जाए। साथ ही, यदि आरोपों की पुष्टि होती है, तब संबंधित कानूनों के तहत उचित कार्रवाई की जाए।