निगम आयुक्त ने न्यू मार्केट का किया औचक निरीक्षण, अतिक्रमण हटाने के निर्देश

मध्य प्रदेश

भोपाल । नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने रविवार को देर शाम न्यू मार्केट का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने त्योहारों के सीजन में बाजार आने वाले नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अतिक्रमण हटाने और साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त ने बाजार के विभिन्न स्थानों और आसपास के क्षेत्रों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को बाजार के रास्तों और फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। साथ ही रेहड़ी-पटरी वालों को निर्धारित स्थलों पर ही व्यवसाय कराने और दुकानदारों को अपनी दुकानों का सामान तय सीमा के भीतर रखने की समझाइश देने को कहा।
आयुक्त अहिरवार ने बाजार क्षेत्र में रात्रिकालीन और प्रातःकालीन सफाई व्यवस्था को भी अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान बाजार में लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है, ऐसे में नागरिकों को सुविधाजनक आवागमन और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना जरूरी है।