नंदानगर में कैलाश विजयवर्गीय बेटे आकाश के साथ हुए शामिल, 28 अक्टूबर को डेली कॉलेज में होगा वृहत एकत्रीकरण ::
इंदौर । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के तहत रविवार को इंदौर विभाग और महू ग्रामीण क्षेत्र में पथ संचलन निकाला गया। इंदौर विभाग के चार महानगरीय जिलों के 34 नगरों की करीब 345 बस्तियों और महू ग्रामीण के छह खंडों के 65 मंडलों में स्वयंसेवकों ने अनुशासित कदमताल की। नंदानगर क्षेत्र में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय अपने पुत्र एवं पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय के साथ संचलन में शामिल हुए। भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी सहभागिता की।
स्वयंसेवक अपनी-अपनी बस्तियों के प्रमुख मार्गों से अनुशासित कतारों में निकले। आयोजन की तैयारियां पिछले एक महीने से की जा रही थीं। इस दौरान विभिन्न शाखाओं में स्वयंसेवकों ने समता का अभ्यास किया। शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित संचलनों में बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने भाग लिया।
:: 28 अक्टूबर को डेली कॉलेज में एकत्रीकरण ::
संघ के शताब्दी वर्ष के समापन कार्यक्रम के तहत 28 अक्टूबर को इंदौर विभाग का वृहत एकत्रीकरण आयोजित किया जाएगा। डेली कॉलेज परिसर में शाम 4:30 बजे से होने वाले कार्यक्रम में इंदौर विभाग के पांच जिलों के सक्रिय स्वयंसेवक शामिल होंगे।
:: ‘चरैवेति-चरैवेति’ होगा ध्येय वाक्य ::
एकत्रीकरण का ध्येय वाक्य ‘चरैवेति-चरैवेति’ रखा गया है। इसका संदेश निरंतर आगे बढ़ते हुए राष्ट्रकार्य में जुटे रहने का है। संघ के अनुसार, शताब्दी वर्ष के अवसर पर राष्ट्र निर्माण और व्यक्ति निर्माण के माध्यम से समाज परिवर्तन के कार्य को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया जाएगा।

