इंदौर में भाजपा की पदयात्रा में शक्ति प्रदर्शन

इंदौर

इंदौर में भाजपा की पदयात्रा में शक्ति प्रदर्शन; विजयवर्गीय बोले- राहुल की यात्राओं से ज्यादा युवा यहां जुटे

‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ के नारे के साथ सुभाष नगर से पाटनीपुरा तक निकली यात्रा; मोहन यादव बोले- लगता है राहुल गांधी पाकिस्तान से आकर राजनीति कर रहे हैं; मांडविया और विप्लब देव ने भी विपक्ष पर साधा निशाना ::
इंदौर । भाजपा ने शुक्रवार को इंदौर में ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया। सुभाष नगर चौराहे से शुरू हुई यात्रा पाटनीपुरा चौराहे पर संपन्न हुई। इसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया, प्रदेश प्रभारी विप्लब देव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ साधु-संतों और किन्नर समाज के प्रतिनिधियों ने भी भागीदारी की। यात्रा के दौरान सड़कें कार्यकर्ताओं से भरी नजर आईं और मुख्यमंत्री भी नेताओं के साथ पैदल चले।
सभा में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखे हमले किए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश और सेना से जुड़े मुद्दों पर सवाल उठाते हैं। उनकी नादानियां हर मामले में सामने आती हैं। मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा- ‘लगता है राहुल गांधी पाकिस्तान से आकर राजनीति कर रहे हैं। उन्हें डूब मरना चाहिए।’
:: बोले- हार के बाद अराजकता फैलाना दुर्भाग्यपूर्ण ::
मोहन यादव ने कहा कि चुनाव में हार-जीत लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन हार के बाद अराजकता फैलाना और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने दावा किया कि देश की जनता ने कांग्रेस और राहुल गांधी को नकार दिया है और आगे भी जनता ही उनका हिसाब करेगी।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस और उसके सहयोगी दल लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई सरकार को बदनाम करने और देश में अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत में बांग्लादेश और नेपाल जैसी परिस्थितियां बनाने की कोशिश की जा रही है। इसके विपरीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का वैश्विक सम्मान बढ़ा है और विभिन्न वर्गों का कल्याण हुआ है।
:: विजयवर्गीय बोले- राहुल की यात्राओं से ज्यादा युवा इंदौर में जुटे ::
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने पदयात्रा में उमड़ी युवाओं की भीड़ को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के विजन और विकास नीतियों का समर्थन बताया। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी अपनी यात्राओं में जितने युवा नहीं जुटा पाए, उससे ज्यादा युवा इंदौर के इस कार्यक्रम में शामिल हुए।
विजयवर्गीय ने कुछ राजनीतिक आंदोलनों में बिरयानी और पिज्जा बांटकर भीड़ जुटाने का आरोप लगाते हुए सवाल किया कि ऐसे आयोजनों के लिए पैसा कहां से आता है और इसकी व्यवस्था कौन करता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करती है तो उसका स्वागत है, लेकिन हिंसा और अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आयोजन को सच्चे राष्ट्रभक्तों का समागम बताया।
:: मांडविया बोले- जनादेश का अपमान कर अशांति फैलाना चाहते हैं विरोधी दल ::
केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने विपक्षी दलों पर जनादेश का अनादर करने और देश में अशांति फैलाने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था और जनादेश का अपमान होने पर जनता खुद सड़कों पर उतरकर अपनी आवाज बुलंद करती है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और संविधान के समर्थन में जनता की भागीदारी बताया।
:: विप्लब देव ने घुसपैठियों को दी चेतावनी ::
भाजपा के प्रदेश प्रभारी विप्लब देव ने अवैध घुसपैठ के मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि जब तक भारत के नागरिकों की नसों में इस मिट्टी का खून दौड़ रहा है, तब तक देश में घुसपैठियों को एक इंच जमीन भी नहीं दी जाएगी। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रविरोधी साजिशों को नाकाम करने के लिए सतर्क रहने की अपील की।
:: पोस्टर लेकर पहुंचे सामाजिक कार्यकर्ता, विजयवर्गीय ने पुलिस को बुलाया ::
सभा के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता प्रहलाद पांडेय 30 हजार रुपए के बल्ब और 33 हजार रुपए प्रति लीटर फिनाइल का उल्लेख करने वाला पोस्टर लेकर पहुंचे। उस समय विजयवर्गीय मंच से संबोधित कर रहे थे। पोस्टर देखते ही वे नाराज हो गए और पुलिस अधिकारी को बुलाकर कहा- ‘एक न्यूसेंस आ गया है।’
विजयवर्गीय ने पांडेय से कहा कि जहां जवाब देना है, वे देंगे। इसी बीच एक कार्यकर्ता ने उनके हाथ से पोस्टर छीन लिया। विजयवर्गीय ने पुलिस से कहा कि पोस्टर लेकर उन्हें कुछ देर के लिए गाड़ी में बैठा दिया जाए। पुलिस जब पांडेय को ले जाने लगी तो उन्होंने सवाल किया- ‘मेरा अपराध क्या है?’ इसके बाद पुलिसकर्मी उन्हें कार्यक्रम स्थल से बाहर ले गए।
गौरतलब है कि नगरीय प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय दुबे ने हाल ही में नगरीय निकायों की खरीदी की समीक्षा में बल्ब और फिनाइल की दरों में भारी अंतर का मामला उठाया था। विजयवर्गीय नगरीय प्रशासन मंत्री हैं। ऐसे में खरीदी की दरों से जुड़े पोस्टर को लेकर हुआ यह घटनाक्रम भी चर्चा में रहा।