पटना । मोकामा के चर्चित विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी 25 नवंबर 2026 को होने वाली है, और इस शाही अवसर को यादगार बनाने के लिए उनके पैतृक गांव नदवां (लदमा) में एक भव्य घुड़दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस अनोखे आयोजन में, जो भी घुड़दौड़ का विजेता होगा, उसे महिंद्रा थार जैसी शानदार गाड़ी इनाम में दी जाएगी। पूरा परिवार इस भव्य शादी की तैयारियों में जुटा है, मेहमानों और प्रमुख नेताओं-मंत्रियों की सूची तैयार हो रही है, निमंत्रण कार्ड भेजे जा रहे हैं। आयोजकों के अनुसार, बेटी के विवाह पर होने वाली इस घुड़दौड़ प्रतियोगिता में भारत के कोने-कोने से नामी और चर्चित घोड़े अपनी रफ्तार, कौशल व दमखम का प्रदर्शन करने पहुंचेंगे। यह प्रतियोगिता 25 नवंबर 2026 को दोपहर 2:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक नदवां/लदमा (बाढ़) में आयोजित की जाएगी। विजेताओं को प्रथम पुरस्कार के रूप में एक महिंद्रा थार, द्वितीय पुरस्कार के रूप में एक मोटरसाइकिल और तृतीय पुरस्कार के रूप में एक स्कूटी दी जाएगी। हालांकि बेटी की शादी पर ऐसी प्रतियोगिता का आयोजन कुछ लोगों को असामान्य लग सकता है, पर अनंत सिंह ऐसे भव्य आयोजनों के लिए पहले भी जाने जाते रहे हैं। इसी साल उन्होंने अपने गांव लदमा में विवेका पहलवान की पहली पुण्यतिथि के मौके पर एक विशाल दंगल का आयोजन कराया था, जिसमें कई देशों के पहलवानों को बुलाया गया था। उनकी बेटी की शादी के लिए भी अब इसी तरह की भव्य तैयारियां हैं, जिसमें कई अनोखे कार्यक्रम तय किए गए हैं। 25 नवंबर 2026 को होने वाली इस शादी और घुड़दौड़ प्रतियोगिता पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

