न्यू मार्केट में दुकानों के बाहर रखा सामान हटवाया, हॉकर्स को टीटी नगर हाट बाजार भेजा
भोपाल । नगर निगम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 4 ठेले, एक काउंटर और 25 कैरेट जब्त किए। निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर मंगलवार को अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने न्यू मार्केट सहित शहर के कई इलाकों में कार्रवाई की।
निगम अमले ने कोलार सनखेड़ी, राजहंस कॉलोनी, 1100 क्वार्टर, अंकुर खेल परिसर, औरा मॉल, 10 नंबर, बरकतउल्ला विश्वविद्यालय, बागमुगालिया, जाटखेड़ी, 11 मील, जवाहर चौक, सरस्वती नगर, वल्लभ भवन, भारत टॉकीज, रेलवे स्टेशन, पीरगेट, रॉयल मार्केट, ईदगाह हिल्स और अवधपुरी चौराहे सहित अन्य क्षेत्रों से ठेले, काउंटर, पान पार्लर और दुकानों के बाहर रखा सामान हटवाया।
बागमुगालिया में अवैध रूप से बनाए गए चार चबूतरे तथा 11 मील और राजहर्ष कॉलोनी में अस्थायी छप्पर भी हटाए गए। यातायात में बाधक वाहनों पर कार्रवाई करते हुए भारत टॉकीज से एक लोडिंग ऑटो और एक चार पहिया वाहन, साजिदा नगर से तीन तथा रॉयल मार्केट ब्रिज के नीचे से एक चार पहिया वाहन हटवाया गया।
न्यू मार्केट के आंतरिक और बाहरी क्षेत्रों में विशेष दल ने दुकानों के बाहर निर्धारित सीमा से अधिक रखा सामान हटवाकर दुकानदारों को सीमा के भीतर रखने के निर्देश दिए। सड़क और फुटपाथ पर कारोबार कर रहे हॉकर्स को टीटी नगर हाट बाजार भेजा गया। निगम ने मुनादी कर दुकानदारों और हॉकर्स को निर्धारित स्थान पर ही व्यवसाय करने की समझाइश भी दी।

