भोपाल में सड़कों की मरम्मत और निर्माण कार्य तेज, इंस्टा पैच तकनीक से भरे जा रहे गड्ढे

मध्य प्रदेश

न्यू मार्केट, लालघाटी, कोहेफिजा और शाहपुरा सहित कई क्षेत्रों में सड़क संधारण का काम जारी
भोपाल । शहर में नागरिकों को सुगम और सुरक्षित आवागमन की सुविधा देने के लिए नगर निगम ने सड़कों की मरम्मत, संधारण और निर्माण कार्य तेज कर दिए हैं। निगम द्वारा इंस्टा पैच तकनीक सहित आधुनिक मशीनों और अन्य पद्धतियों से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क सुधार का काम कराया जा रहा है।
निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर यांत्रिक विभाग विशेष अभियान के तहत क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और नई सड़कों का निर्माण कर रहा है। न्यू मार्केट क्षेत्र में इंस्टा पैच तकनीक से गड्ढों का पैचवर्क कराया गया है। वहीं, जोन क्रमांक-2 के वार्ड-7 स्थित रामानंद नगर और लालघाटी क्षेत्र में सीमेंट कांक्रीट सड़क का निर्माण किया गया है। कोहेफिजा की आशापुरा दरबार रोड पर भी पैचवर्क कराया गया।
जोन क्रमांक-6 के वार्ड-51 में शाहपुरा बी-सेक्टर की नाबार्ड ऑफिसर्स कॉलोनी रोड का सीमेंट कांक्रीटीकरण और ग्रूविंग कार्य किया गया। त्रिलंगा क्षेत्र में विकास कुंज पहुंच मार्ग पर उच्च क्षमता वाली सीमेंट कांक्रीट सड़क बनाई गई है। यहां वाइब्रेटर मशीन से फिनिशिंग का कार्य भी कराया गया।
शाहपुरा सी-सेक्टर में अत्याधुनिक स्वचालित रोड पैचर मशीन से डामरीकरण, गड्ढे भरने और डामर रेस्टोरेशन का काम किया गया। वहीं, शाहपुरा सी-सेक्टर के जैन मंदिर क्षेत्र में रेडीमिक्स कांक्रीट ट्रांजिट मिक्सर के माध्यम से सीमेंट कांक्रीट सड़क की ढलाई कराई गई है।
इसके अलावा अयोध्या नगर के विभिन्न सेक्टरों को अरहेड़ी गांव और अन्य क्षेत्रों से जोड़ने वाली सड़कों के निर्माण एवं संधारण का कार्य भी जारी है। निगम प्रशासन के अनुसार शहर की क्षतिग्रस्त सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराया जा रहा है, ताकि नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो।