पीएम मोदी बेंगलुरु पहुंचे, सीएम डीके ने पुष्पगुच्छ भेंटकर किया स्वागत

ताज़ा खबर देश-विदेश

आज पीएम मोदी 15,600 करोड़ देंगे सौगातें
बेंगलुरु । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बेंगलुरु पहुंचने पर राज्य की राज्यपाल सुधा यादव और मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया। प्रधानमंत्री आज बेंगलुरु में 15,600 करोड़ रुपए से अधिक लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, राष्ट्र को समर्पण, आधारशिला और झंडी दिखाकर शुभारंभ करेंगे। अपने कार्यक्रम के तहत, प्रधानमंत्री बेंगलुरु में प्रशांति कुटीरम के स्वर्ण जयंती समारोह में भाग लेंगे। इसके बाद, वह तवरेकेरे से आईआईएम बेंगलुरु मेट्रो स्टेशन तक मेट्रो को झंडी दिखाकर उसमें सफर भी करेंगे।
दोपहर लगभग 1:15 बजे, प्रधानमंत्री 15,600 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाली इन विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और राष्ट्र को समर्पित करेंगे। ये परियोजनाएं शहरी परिवहन आवागमन, विद्युत पारेषण, नवीकरणीय ऊर्जा, पेट्रोलियम अवसंरचना, अपशिष्ट प्रबंधन और रेलवे जैसे प्रमुख क्षेत्रों से जुड़ी हैं, जिनसे क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी। वे इस अवसर पर जनसमूह को भी संबोधित करेंगे। इसके बाद, प्रधानमंत्री मोदी मैसूरु के लिए रवाना होंगे। वहां दोपहर लगभग 3.30 बजे, वे कॉसमॉस-मैसूरु तारामंडल का उद्घाटन करेंगे। भारतीय खगोल भौतिकी संस्थान द्वारा विकसित यह देश का पहला एलईडी डोम तारामंडल है। इसे खगोल विज्ञान शिक्षा व प्रशिक्षण के एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित किया गया है, जो मैसूरु विश्वविद्यालय परिसर में स्थित है। इस तारामंडल के स्काई थिएटर में पेशेवर तौर पर निर्मित खगोल विज्ञान कार्यक्रमों के साथ ही मैसूरु के इतिहास और खगोल विज्ञान के संबंधों को दर्शाने वाली एक विशेष फिल्म भी प्रदर्शित की जाएगी। ये शो कन्नड़, अंग्रेजी और हिंदी भाषाओं में उपलब्ध होंगे। प्रधानमंत्री मैसूरु में भी जनसमूह को संबोधित करेंगे।