आज राजीव होते तो हम सामान्य जिंदगी जी रहे होते: सोनिया गांधी

देश-विदेश

-आत्मकथा बिलॉन्गिंग : अ जर्नी ऑफ लव में निजी जीवन, पारिवारिक रिश्तों और गांधी परिवार के राजनीतिक उतार-चढ़ाव पर साझा किए अनुभव
नई दिल्ली । कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपने जीवन के निजी और राजनीतिक अनुभवों को आत्मकथा बिलॉन्गिंग : अ जर्नी ऑफ लव में साझा किया है। एक बातचीत के दौरान मीडिया से उन्होंने कहा कि यदि राजीव गांधी आज जीवित होते तो हम सामान्य जिंदगी जी रहे होते। उनके बारे में लोगों ने कई तरह के किस्से-कहानियां बनाईं, लेकिन उन्होंने इन सबकी परवाह करने के बजाय अपने बच्चों और काम पर ध्यान केंद्रित किया।
यहां बताते चलें कि नेहरू-गांधी परिवार में देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के बाद सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा लिखने का अहम कार्य किया है। नेहरू ने 1936 में अपनी आत्मकथा एन ऑटोबायोग्राफी लिखी थी। सोनिया ने बताया कि आत्मकथा लिखने का विचार पहली बार 2015 में आया, जब राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने उन्हें लिखने की सलाह दी। कुछ दोस्तों ने भी इसके लिए प्रेरित किया। इसके बाद उन्होंने नोट्स तैयार करना और पुरानी यादों को संकलित करना शुरू किया। करीब दस वर्षों की मेहनत के बाद यह पुस्तक के रूप में सामने आई।
राजीव गांधी से अपने परिचय और विवाह के दिनों को याद करते हुए सोनिया ने बताया कि दोनों की मुलाकात कुछ साझा दोस्तों के माध्यम से हुई थी। उस समय वह 19 वर्ष की थीं। वह राजीव के व्यक्तित्व से प्रभावित हुई थीं। उनके अनुसार, शादी के बाद भी राजीव जब पायलट थे, तब उनका जीवन एक सामान्य मध्यमवर्गीय परिवार जैसा था। राजीव का नाम और उनका राजनीतिक परिवार उस समय उनकी निजी जिंदगी का हिस्सा नहीं बने थे।
सोनिया ने आपातकाल के फैसले को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी जानती थीं कि राजीव इस फैसले से सहमत नहीं थे। इंदिरा के लिए भी यह आसान निर्णय नहीं था, क्योंकि वह स्वतंत्रता संग्राम में शामिल रही थीं और लोकतंत्र में उनकी गहरी आस्था थी। हालांकि, उस समय कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं का मानना था कि देश में बढ़ती अराजकता और हिंसा के बीच आपातकाल ही एकमात्र रास्ता था।
संजय गांधी की विमान दुर्घटना में मृत्यु के बाद परिवार में आए बदलावों का जिक्र करते हुए सोनिया ने बताया कि संजय और मेनका की शादी के कुछ महीनों बाद ही पारिवारिक माहौल बदलने लगा था। दोनों भाई पहले काफी समय साथ बिताते थे, लेकिन शादी के बाद संजय परिवार से दूर होने लगे। उनकी मृत्यु के बाद स्थिति और बिगड़ गई। सोनिया के मुताबिक, उस समय 23 वर्ष की मेनका के सामने पति की मृत्यु का गहरा सदमा था। वरुण की देखभाल और मेनका के राजनीति में आने को लेकर इंदिरा गांधी तथा मेनका की मां के विचारों में टकराव हुआ, जिसने पारिवारिक दूरी बढ़ा दी।
सोनिया ने यह भी बताया कि संजय गांधी के निधन के बाद उन्होंने राजीव को राजनीति में आने से रोकने की हरसंभव कोशिश की थी। लेकिन धीरे-धीरे उन्हें समझ आ गया कि राजीव के लिए राजनीति से दूर रह पाना संभव नहीं था। वह उनकी मनःस्थिति और दुविधा को समझ सकती थीं।