यूएई में भीषण सड़क हादसा: भारतीय सहित 14 लोगों की मौत

ताज़ा खबर देश-विदेश

दुबई । संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक भारतीय नागरिक सहित 14 लोगों की जान चली गई। यह दर्दनाक हादसा फुजैराह के एंट्री गेट पर हुआ, जहां तेज गति से आ रहे एक ट्रक पर से ड्राइवर का संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद अनियंत्रित ट्रक पहले एक गाड़ी से टकराया और फिर पलट गया। उसकी अत्यधिक गति के कारण, वह पास से धीमी गति से गुजर रही अन्य कई गाड़ियों से भी जा टकराया, जिससे भीषण आग लग गई।
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद गाड़ियों में तुरंत आग पकड़ ली, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। यूएई के गृह मंत्रालय ने इस घटना की जानकारी देते हुए बताया कि बचाव टीमों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने की कोशिश की। कड़ी मशक्कत के बाद बढ़ती आग को नियंत्रित किया जा सका। मंत्रालय के मुताबिक, मृतकों में भारत के अलावा संयुक्त अरब अमीरात, ओमान, जॉर्डन, पाकिस्तान और मिस्र जैसे विभिन्न देशों के नागरिक शामिल हैं। फिलहाल, शवों की पहचान के लिए डीएनए टेस्ट की प्रक्रिया जारी है। हादसे में एक भारतीय नागरिक की मौत की पुष्टि यूएई स्थित भारतीय दूतावास ने भी की है। दूतावास ने बताया कि वे स्थानीय अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं और पीड़ितों के परिवारों को हरसंभव मदद तथा आवश्यक सहयोग प्रदान करने के लिए काम कर रहे हैं। इस दुखद घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और हादसे के कारणों की गहन जांच जारी है।