लखनऊ । उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) ने हाथ मिला लिया है। दोनों दलों ने सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के बैनर तले सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। इस गठबंधन ने चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री चेहरा घोषित किया है। हालांकि, उनके इस कदम से विपक्षी गठबंधन इंडिया नाखुश है, जिसके नेता खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। विपक्षी खेमे में इस गठबंधन को भाजपा की बी टीम बताया जा रहा है। शिवसेना (यूबीटी) के एक सांसद ने इस गठबंधन पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि ओवैसी का साथ देने वाले भी भाजपा के साथ हैं। उन्होंने चंद्रशेखर आजाद से आत्मचिंतन करने को कहा कि वे किसके साथ जा रहे हैं।
सांसद ने सवाल उठाया कि अगर ओवैसी भाजपा का समर्थन करते हैं, तो उनके साथ जाने का मतलब भाजपा के साथ होना है। उन्होंने दोनों दलों को भाजपा की बी या सी टीम करार दिया और कहा कि आजाद नाम होने के बावजूद वे आजाद नहीं रहेंगे। इन आरोपों का जवाब देते हुए असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि भाजपा को हराने के लिए सभी को साथ आना होगा। उन्होंने अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए कहा कि यह मजबूती का गठबंधन है और भाजपा को हराना है तो वे साथ आएं। ओवैसी ने आजम खान की जेल यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि हम हर पीड़ित के लिए लड़ेंगे और एसआईआर को बैक डोर से एनआरसी बताया। उन्होंने उन लोगों को वोट न देने की अपील की जो भाजपा को हरा पाने में नाकाम रहे हैं। ओवैसी ने बताया कि सीट बंटवारे पर बात हो चुकी है और सही वक्त आने पर इसका खुलासा किया जाएगा। उन्होंने बी पार्टी कहने वालों से अपना रिकॉर्ड देखने को कहा और दावा किया कि यह मोर्चा भाजपा को तीसरी बार सत्ता में आने से रोकने के लिए एक मजबूत विकल्प होगा। आजाद समाज पार्टी के मुखिया चंद्रशेखर आजाद ने राष्ट्रभक्ति का सबूत देने की जरूरत से इनकार किया। उन्होंने सरकार से सीमाओं की सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए अवैध मस्जिदों पर बुलडोजर कार्रवाई का विरोध किया और कहा कि वे एक-एक मस्जिद के लिए लड़ेंगे। आजाद ने भाजपा को रोकना चाहने वालों को अपने मोर्चा में शामिल होने का न्योता दिया और अन्य दलों पर अहंकार और महत्वाकांक्षा में डूबे होने का आरोप लगाया, जिसके चलते वे उनके प्रयासों पर ध्यान नहीं दे पाए। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस गठबंधन का फायदा अप्रत्यक्ष रूप से भाजपा को मिल सकता है। यदि मुस्लिम वोटों का एक बड़ा हिस्सा एआईएमआईएम की ओर चला जाता है और दलित मतों का चंद्रशेखर आजाद बंटवारा करते हैं, तो इसका असर भाजपा के पक्ष में देखने को मिल सकता है। विशेषकर मुस्लिम बहुल और दलित बहुल सीटों पर इसका प्रभाव महत्वपूर्ण हो सकता है। उत्तर प्रदेश के कई क्षेत्रों, जैसे पश्चिमी यूपी, पूर्वांचल और मध्य यूपी के कुछ जिलों में इन दोनों समुदायों की अच्छी खासी आबादी है, जहां यह गठबंधन त्रिकोणीय मुकाबले को जन्म दे सकता है।

