प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा
काजीरंगा । असम के काजीरंगा नेशनल पार्क के पास शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में 26 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 20 घायल हैं। हादसा एक मिनीबस और कंटेनर ट्रक के बीच आमने-सामने की टक्कर के कारण हुआ। मृतकों में महिलाएं, नाबालिग और कई कॉलेज छात्र शामिल हैं। हादसे के बाद पूरे राज्य में शोक की लहर है। पुलिस के मुताबिक दुर्घटना कोहोरा रेंज के अंतर्गत हथिकुली टी एस्टेट के पास रंगाजन इलाके में नेशनल हाईवे-715 पर हुई।
जानकारी के मुताबिक मिनीबस गोलाघाट से नगांव की ओर जा रही थी, जबकि कंटेनर ट्रक अपर असम की दिशा में जा रहा था। इसी दौरान दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। मिनीबस में करीब 45 लोग सवार थे। इनमें बड़ी संख्या कॉलेज के छात्रों की थी, जो अपनी कक्षाएं खत्म होने के बाद घर लौट रहे थे। हादसे में कई छात्र-छात्राओं की जान चली गई। गोलाघाट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दुर्घटना के बाद राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया गया था।
कोहोरा मॉडल अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक ने बताया कि हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 26 हो गई है। अलग-अलग अस्पतालों में घायलों को भर्ती कराया गया है और मृतकों व घायलों का पूरा आंकड़ा जुटाया जा रहा है। प्रशासन की ओर से अब तक 14 मृतकों की पहचान की गई है। इनमें ज्योति माझी, दर्पणा माझी, अनुराग गोआला, मिनीबस चालक अब्दुल मुजीद, हेल्पर सुभाष, राशिद अली, हफीजा खातून, फरहाना यास्मीन, केआर लोभो, अमजद अली, बुलबुल अली, बेबी करमाकर, दामिनी घटोवार और दीपांजलि रोंगफार शामिल हैं।
पीएम मोदी ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। वहीं, घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई।

