समुद्री सुरक्षा पर संकट, होर्मुज में भिड़े दो तेल टैंकर

देश-विदेश

तेहरान । अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में एक बार फिर दो तेल टैंकरों की टक्कर हो गई। 13 नवंबर को हुई इस घटना के बाद तेज धमाके की आवाज सुनी गई। ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स नेवी के मुताबिक, दोनों तेल टैंकर ईरानी अधिकारियों से पहले अनुमति लिए बिना होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की कोशिश कर रहे थे। हालांकि, ईरान के सरकारी मीडिया ने अभी तक जहाजों के नाम और हादसे से जुड़ी कोई विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।
इस घटना के बाद समुद्री रास्ते में जहाजों की सुरक्षा को लेकर चिंता एक बार फिर बढ़ गई है। इससे पहले भी इस महत्वपूर्ण इलाके में कई तेल टैंकर समुद्र में बिछाई गई बारूदी सुरंगों से टकरा चुके हैं, जिसकी वजह से जहाजों में आग लगने और विस्फोट होने की कई घटनाएं सामने आई हैं। लगभग तीन हफ्ते पहले, ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने दावा किया था कि तीन और तेल टैंकर समुद्री सुरंगों की चपेट में आ गए थे। संगठन के अनुसार, इनमें से दो टैंकरों ने उसके नियमों का उल्लंघन किया था और नौसेना की ओर से बिछाई गई बारूदी सुरंगों से टकराने के बाद उनमें आग लग गई थी। इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर तेल की कीमतें बढ़ाने की कोशिश करने का आरोप लगाया था। ट्रंप का कहना था कि ईरान अमेरिकी मध्यावधि चुनाव से पहले तेल की कीमतों में बढ़ोतरी करना चाहता है। उन्होंने ईरान पर समुद्री हमलों, बारूदी सुरंगों और जहाजों पर कथित हमलों को लेकर गलत जानकारी फैलाने का भी आरोप लगाया था। अक्टूबर के आखिर में ट्रंप ने दावा किया था कि होर्मुज से अब युद्ध शुरू होने से पहले के मुकाबले ज्यादा तेल गुजर रहा है, और उन्होंने चुनाव के बाद तेल की कीमतें कम होने की उम्मीद भी जताई थी। आपको याद दिला दें कि 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल ने ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई शुरू की थी, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव और हमले लगातार जारी रहे। युद्धविराम समझौते के बावजूद स्थिति सामान्य नहीं हो सकी है। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल परिवहन मार्गों में से एक है। युद्ध शुरू होने के बाद से यहां जहाजों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई है। फिलहाल ट्रंप ने युद्ध समाप्त करने और इस समुद्री रास्ते को दोबारा पूरी तरह खोलने के लिए कोई विस्तृत योजना सार्वजनिक नहीं की है, जिसका असर वैश्विक तेल आपूर्ति और कीमतों पर पड़ सकता है।