छठ और शादी सीजन में हवाई सफर हुआ महंगा, 15 दिनों में किराया 50 फीसदी तक बढ़ा

ताज़ा खबर देश-विदेश

सीटीआई ने नागरिक उड्डयन मंत्री को पत्र लिख की मनमानी पर रोक लगाने की मांग
नई दिल्ली,(ईएमएस)। छठ या शादी में शामिल होने के लिए किसी दूसरे शहर जाना हो तो हवाई सफर का खर्च लोगों की जेब पर भारी पड़ रहा है। चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) का दावा है कि पिछले 15 दिनों में हवाई टिकटों के दाम 50 फीसदी तक बढ़ गए हैं। कई शहरों के लिए किराया दोगुना तक पहुंच गया है। इस बढ़ोतरी को लेकर सीटीआई ने नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू को पत्र लिखा है। संगठन ने सरकार से टिकटों के किराए की अधिकतम सीमा तय करने की मांग की है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक छठ पर्व के दौरान बड़ी संख्या में लोग अपने घर लौट रहे हैं। वहीं, 20 नवंबर से शादियों का सीजन भी शुरू हो रहा है। ऐसे में जिन लोगों को इन दिनों हवाई सफर करना है, उन्हें पहले के मुकाबले काफी ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ रहा हैं। सीटीआई के चेयरमैन का कहना है कि किराए में इस बढ़ोतरी से व्यापारी ही नहीं, मध्यम वर्ग और आम यात्री भी परेशान हैं।
सीटीआई के सर्वे के मुताबिक दिल्ली से कई शहरों के लिए हवाई टिकट काफी महंगे हो गए हैं। दिल्ली से पटना का किराया करीब 18 हजार रुपए तक पहुंच गया है। दरभंगा जाने के लिए यात्रियों को करीब 20 हजार रुपए खर्च करने पड़ रहे हैं। वहीं, मुंबई का टिकट करीब 15 हजार रुपए और बेंगलुरु का किराया 16 से 18 हजार रुपए तक हो गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली से अहमदाबाद का किराया करीब 11 हजार रुपए है। हैदराबाद के लिए टिकट 11 से 15 हजार रुपए में मिल रहा है। चेयरमैन के मुताबिक कुछ दिन पहले तक इन रूटों पर टिकट मौजूदा कीमत से करीब आधे दाम पर मिल रहे थे। उनका आरोप है कि त्योहार और शादी के सीजन में यात्रियों की जरूरत का फायदा उठाकर विमान कंपनियां ज्यादा किराया वसूल रही हैं.
CTI ने सरकार से की मांग की हे कि एयरलाइंस की मनमानी से किराया बढ़ाने पर रोक लगाई जाए। हर रूट के लिए हवाई टिकट का अधिकतम किराया तय किया जाए। दूरी के हिसाब से किराया तय करने का पारदर्शी फॉर्मूला बनाया जाए। जैसे 500 किलोमीटर और 1500 किलोमीटर की उड़ान का किराया एक जैसा नहीं होना चाहिए। दिल्ली-पटना, दिल्ली-दरभंगा, दिल्ली-मुंबई और दिल्ली-बेंगलुरु जैसे व्यस्त रूट पर फ्लाइट की संख्या बढ़ाई जाए। बाजार में मुकाबला बढ़ाने और यात्रियों को ज्यादा विकल्प देने के लिए 2-3 नई एयरलाइंस शुरू की जाएं।