टोक्यो । केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह अपनी दो दिवसीय जापान यात्रा (18-19 नवंबर) पर हैं, जहां बुधवार को उन्होंने जापानी रक्षा मंत्री शिंजीरो कोइजुमी से मुलाकात की। टोक्यो स्थित रक्षा मंत्रालय पहुंचने पर उन्हें औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया, जहां कोइजुमी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों नेताओं ने विमान में एक साथ यात्रा की, जिसकी तस्वीर राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया पर साझा की, जिसमें उनके बीच गहरी गर्मजोशी स्पष्ट दिखी। भारतीय रक्षा मंत्री ने अपने जापानी समकक्ष की मेजबानी की सराहना की। इसके बाद, उन्होंने जापान समुद्री आत्मरक्षा बल (जेएमएसडीएफ) के योकोसुका स्थित नौसैनिक अड्डे का दौरा किया और मोगामी श्रेणी के युद्धपोत का अवलोकन भी किया।
अपनी यात्रा के दौरान, राजनाथ भारत-जापान विदेश और रक्षा मंत्रियों की चौथी 2 प्लस 2 वार्ता में हिस्सा ले रहे है। वे शिंजीरो कोइजुमी के साथ द्विपक्षीय बातचीत भी करने वाले है। इन वार्ताओं में समुद्री सुरक्षा सहयोग, रक्षा क्षेत्र में आपसी साझेदारी, क्षेत्रीय सुरक्षा और रणनीतिक सहयोग जैसे कई अहम मुद्दों पर गहन चर्चा होगी। दोनों देश पहले से ही रक्षा क्षेत्र में कई स्तरों पर सहयोग कर रहे हैं, और यात्रा का उद्देश्य इन संबंधों को और अधिक ऊंचाइयों पर ले जाना है। जापानी रक्षा मंत्री कोइजुमी ने यात्रा को लेकर अत्यधिक उत्साह व्यक्त किया था, यह रेखांकित कर कि पिछले चार महीनों में यह दोनों देशों के रक्षा मंत्रियों की तीसरी मुलाकात है। अगस्त में भारत और अक्टूबर में फिलीपींस में हुई पिछली मुलाकातों के बाद, बैठक दोनों देशों के बीच निरंतर बढ़ते रक्षा और रणनीतिक संबंधों को दर्शाती है। कोइजुमी ने अपने गृह नगर योकोसुका में राजनाथ सिंह का स्वागत करने और उन्हें युद्धपोत दिखाने की इच्छा जताई थी, जिससे इस यात्रा को सार्थक बनाने का उनका प्रयास स्पष्ट होता है। यह वार्ता भारत और जापान के बीच रक्षा सहयोग व समुद्री सुरक्षा को नई गति प्रदान करेगी।

