लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने ऐतिहासिक नगरी वडनगर में किए हाटकेश्वर महादेव के दर्शन

ताज़ा खबर देश-विदेश

वडनगर में ओम बिरला का भव्य स्वागत, विश्वशांति महायज्ञ में शामिल होकर देश की सुख-समृद्धि की कामना की
मेहसाणा । लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला अपने गुजरात दौरे के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्मभूमि एवं ऐतिहासिक नगरी वडनगर पहुंचे। यहां कांची पीठ के शंकराचार्यजी ने ओम बिरला सहित उपस्थित गणमान्य अतिथियों का आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया।
वडनगर प्रवास के दौरान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने प्रसिद्ध एवं प्राचीन हाटकेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन किए। इस अवसर पर विश्वशांति एवं जनकल्याण के उद्देश्य से आयोजित भव्य महायज्ञ में उन्होंने श्रद्धापूर्वक भाग लिया तथा विधिवत पूजा-अर्चना कर देश की सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना की। मंदिर परिसर में इस दौरान आध्यात्मिक एवं भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।
धार्मिक कार्यक्रमों के साथ ओम बिरला वडनगर की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक विरासत से भी रूबरू होंगे। वे ऐतिहासिक प्रेरणा स्कूल का दौरा कर वहां की शिक्षा प्रणाली और विद्यार्थियों के लिए विकसित आधुनिक सुविधाओं का अवलोकन करेंगे। इसके अलावा, वे वडनगर के भव्य पुरातात्विक संग्रहालय का भी निरीक्षण करेंगे, जहां उत्खनन के दौरान प्राप्त प्राचीन अवशेषों के माध्यम से हजारों वर्ष पुरानी सभ्यता एवं संस्कृति की गौरवशाली झलक देखने को मिलती है।
इससे पहले लोकसभा अध्यक्ष ने गांधीनगर में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के साथ शिष्टाचार भेंट की थी। इस अवसर पर गुजरात विधानसभा अध्यक्ष शंकर चौधरी, राज्य मंत्री कुंवरजी बावलिया तथा सांसद हरि पटेल विशेष रूप से उपस्थित रहे। ये सभी गणमान्य व्यक्ति वडनगर के कार्यक्रमों में भी ओम बिरला के साथ शामिल हुए।
लोकसभा अध्यक्ष के इस महत्वपूर्ण दौरे को लेकर स्थानीय प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उनका यह दौरा वडनगर की धार्मिक आस्था, ऐतिहासिक विरासत और शैक्षणिक विकास को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।