-गृह मंत्री बोले- पुलिस, सेना, सीआरपीएफ और खुफिया एजेंसियों के बीच दिखा बेहतरीन तालमेल
नई दिल्ली । जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षा बलों ने संयुक्त अभियान में लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर मोहम्मद लतीफ भट को मार गिराया है। इस कार्रवाई पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सुरक्षा बलों की सराहना करते हुए कहा कि अभियान में जम्मू-कश्मीर पुलिस, भारतीय सेना, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और खुफिया एजेंसियों के बीच बेहतरीन तालमेल देखने को मिला। उन्होंने जवानों के साहस और कार्रवाई की प्रशंसा की।
अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, सुरक्षा एजेंसियों के संयुक्त अभियान में बुधवार तड़के कुलगाम में लश्कर के घाटी में मौजूद आखिरी सक्रिय स्थानीय आतंकवादी लतीफ भट को मार गिराया गया। जम्मू-कश्मीर पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ स्थल से एक आतंकवादी का शव और हथियार बरामद किया गया है। मारे गए आतंकवादी की पहचान कुलगाम के खेरवान निवासी मोहम्मद लतीफ भट के रूप में हुई है।
गृह मंत्री शाह ने बताया कि इस कार्रवाई से एक दिन पहले कुलगाम में ही लतीफ के एक साथी आतंकवादी उमर निसार को भी मार गिराया गया था। उन्होंने कहा कि पूरे अभियान में सुरक्षा बलों और खुफिया एजेंसियों के बीच प्रभावी समन्वय रहा। देश को जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना, सीआरपीएफ और खुफिया एजेंसियों के बहादुर जवानों पर गर्व है।
भाजपा और जदयू नेताओं ने भी सराहा अभियान
भाजपा प्रवक्ता अल्ताफ ठाकुर ने इस कार्रवाई को सुरक्षा बलों की बड़ी कामयाबी बताया। उन्होंने कहा कि कुलगाम में आतंकवादी घटना के बाद सेना और पुलिस ने तत्काल आतंकियों का पीछा किया और उन्हें घेरकर कार्रवाई की। ठाकुर ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहनी चाहिए और जम्मू-कश्मीर से आतंकवाद के पूरी तरह खात्मे तक अभियान जारी रहना चाहिए।
वहीं, जदयू के जम्मू-कश्मीर अध्यक्ष जीएम शाहीन ने भी ऑपरेशन की सराहना की। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों ने 24 घंटे के भीतर आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब दिया है। शाहीन ने पाकिस्तान के साथ बातचीत के सवाल पर कहा कि बातचीत तभी सार्थक हो सकती है, जब दोनों पक्ष एक-दूसरे के प्रति गंभीर हों। पाकिस्तान की ओर से आतंकवादी गतिविधियां जारी रहने की स्थिति में बातचीत का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने कहा कि विदेश नीति और सरकार संचालन के बारे में केंद्र सरकार बेहतर निर्णय लेने में सक्षम है।

