कांग्रेस नेता विनोद सेन ने वाचनालय को भेंट की पुस्तक, अब आम नागरिक, विद्यार्थी और साहित्यप्रेमी कर सकेंगे सार्वजनिक अध्ययन
सिरोंज । पुस्तकें केवल ज्ञान अर्जित करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में विचार, चेतना और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने का सशक्त साधन हैं। इसी उद्देश्य से मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव विनोद सेन ने सिरोंज स्थित गांधी वाचनालय में कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष एवं पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी की पुस्तक ‘Belonging: A Journey of Love’ भेंट की। इस पहल के माध्यम से अब सिरोंज के पाठक, विद्यार्थी, युवा, बुद्धिजीवी और साहित्यप्रेमी गांधी वाचनालय में बैठकर इस पुस्तक का अध्ययन कर सकेंगे।
इस अवसर पर विनोद सेन ने कहा कि श्रीमती सोनिया गांधी की यह पुस्तक उनके जीवन के अनुभवों, संघर्षों, संवेदनाओं, पारिवारिक संबंधों और भारत के साथ उनके जुड़ाव को समझने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। पुस्तक के माध्यम से पाठकों को उनके जीवन के विभिन्न पहलुओं और उनकी यात्रा को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि पुस्तक को सार्वजनिक अध्ययन के लिए गांधी वाचनालय में उपलब्ध कराने का उद्देश्य इसे किसी व्यक्तिगत संग्रह तक सीमित रखने के बजाय अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है। समाज में पठन-पाठन की संस्कृति विकसित हो, युवा पीढ़ी पुस्तकों से जुड़े और लोगों में वैचारिक जागरूकता बढ़े, इसी भावना के साथ यह पुस्तक वाचनालय को भेंट की गई है।विनोद सेन ने कहा कि गांधी वाचनालय सिरोंज की महत्वपूर्ण बौद्धिक एवं सामाजिक धरोहर है। महात्मा गांधी के विचारों, साहित्य और पुस्तकों के माध्यम से समाज में सत्य, अहिंसा, सद्भाव और सकारात्मक चिंतन की परंपरा को मजबूत करना समय की आवश्यकता है। वे पूर्व में भी वाचनालय को महात्मा गांधी से संबंधित साहित्य एवं पुस्तकें भेंट करते रहे हैं। उनका मानना है कि सार्वजनिक पुस्तकालयों को समृद्ध करना और नई पीढ़ी को अध्ययन के प्रति प्रेरित करना हम सभी की सामाजिक जिम्मेदारी है। डिजिटल माध्यमों के बढ़ते प्रभाव के बीच पुस्तकों के प्रति रुचि और पढ़ने की आदत को प्रोत्साहित करना और भी जरूरी हो गया है। इस अवसर पर उपस्थित जनों ने विनोद सेन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सोनिया गांधी की पुस्तक वाचनालय में उपलब्ध होने से क्षेत्र के पाठकों और युवाओं को एक महत्वपूर्ण पुस्तक पढ़ने का अवसर मिलेगा। पुस्तक को सार्वजनिक अध्ययन के लिए उपलब्ध कराना ज्ञान, साहित्य और वैचारिक संवाद को बढ़ावा देने की दिशा में सराहनीय प्रयास है।कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेता केसर खान, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सिरोंज के अध्यक्ष सुरेश यादव, नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सेफू गद्दी, डॉ. सुबहान गौरी, आशीष जैन, जहीरुद्दीन भैया सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

