भारत अब हथियारों का आयातक नहीं, निर्यातक

ताज़ा खबर देश-विदेश

भारतीय हथियारों का मुरीद हुआ फिलीपींस
नई दिल्ली । कभी हथियारों के सबसे बड़े खरीदार के तौर पर पहचाना जाने वाला भारत अब पूरी तरह बदल चुका है। आज वह न सिर्फ अपनी रक्षा खुद कर रहा है, बल्कि दुनिया के कई देशों को आधुनिक और घातक हथियार सप्लाई कर रहा है। इस कड़ी में फिलीपींस सबसे बड़ा नाम बनकर उभरा है, जो दक्षिण चीन सागर में चीन की दादागिरी से परेशान है और भारतीय रक्षा उपकरणों का सबसे बड़ा मुरीद बन चुका है। सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल ब्रह्मोस का पहला अंतरराष्ट्रीय खरीदार बनने के बाद, फिलीपींस इसकी शुरुआती तीन बैटरियों के शानदार प्रदर्शन और ऑपरेशन सिंदूर के दौरान युद्धपोतों पर इसकी सटीकता से बेहद प्रभावित है।
अब वह कम से कम छह और ब्रह्मोस बैटरियां खरीदने की तैयारी कर रहा है। इसके अलावा, फिलीपींस की नजर अब भारत के दो और महाविनाशक हथियारों – आकाश एयर डिफेंस सिस्टम और पिनाका मल्टी-बैरल रॉकेट लॉन्चर पर टिक गई है। फिलीपींस अपनी सेना, नौसेना और वायुसेना के लिए पांच से ज्यादा आकाश रेजिमेंट खरीदने की बात कर रहा है ताकि अपने सैन्य ठिकानों की हवाई सुरक्षा पुख्ता कर सके। ब्रह्मोस दुनिया की सबसे तेज सुपरसोनिक क्रूज मिसाइलों में से एक है, जो जमीन, समंदर और हवा से पलक झपकते ही दुश्मन को तबाह कर सकती है। आकाश एक स्वदेशी एयर डिफेंस सिस्टम है, जो फाइटर जेट और ड्रोनों जैसे हवाई खतरों को हवा में ही ढेर कर सकता है। वहीं, पिनाका रॉकेट लॉन्चर कुछ ही सेकंड में रॉकेटों की बारिश कर दुश्मन के ठिकानों पर भारी तबाही मचा सकता है। हथियारों की खरीद-फरोख्त से आगे बढ़कर, अब दोनों देश डिफेंस मैनुफैक्चरिंग में भी हाथ मिला रहे हैं। भारत की दिग्गज कंपनी एमकेयू फिलीपींस में बुलेटप्रूफ जैकेट बनाने की एक फैक्ट्री लगाएगी। यह लगभग 1,400 करोड़ रुपये के एक बड़े ऑर्डर का हिस्सा है, जिसकी आखिरी खेप का निर्माण स्थानीय स्तर पर होना है। फिलीपींस भारत से हेलीकॉप्टर खरीदने की संभावनाओं पर भी शुरुआती बातचीत कर रहा है।
इस बढ़ती दोस्ती का एक और बड़ा पहलू अंतरिक्ष सहयोग है, जहां भारत ने फिलीपींस में ऑब्जर्वेशन स्टेशन बनाने का प्रस्ताव दिया है। इससे फिलीपींस को भारतीय सैटेलाइट्स से मिलने वाली समुद्री निगरानी की सीधी पहुंच मिल जाएगी, जो दक्षिण चीन सागर में चीन की आक्रामकता का मुकाबला करने में मददगार होगी। भारत और फिलीपींस एक विजिटिंग फोर्सेज एग्रीमेंट पर भी काम कर रहे हैं, जो भारतीय सैनिकों को संयुक्त युद्धाभ्यास के लिए फिलीपींस जाने का रास्ता साफ करेगा। यह इस बात का सबूत है कि भारत और फिलीपींस का रिश्ता अब सिर्फ खरीदार और विक्रेता का नहीं, बल्कि एशिया में शक्ति संतुलन बनाने के लिए एक मजबूत रणनीतिक साझेदारी बन रहा है।