कश्मीर की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश

देश-विदेश

जम्मू । कश्मीर की ऊंची चोटियों पर मंगलवार-बुधवार को बर्फबारी हुई, जिससे गुलमर्ग, सोनमर्ग और जोजिला जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल बर्फ की सफेद चादर से ढक गए। घाटी के मैदानी इलाकों में भी रुक-रुक कर बारिश दर्ज की गई, जिससे अचानक ठंड बढ़ गई है। वहीं, जम्मू संभाग में दिनभर हल्की धूप और बादलों का मिलाजुला मौसम बना रहा, लेकिन वहां अभी भी पिछले दिनों हुई मूसलाधार बारिश के नुकसान का असर देखने को मिल रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, कश्मीर में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण यह मौसमी बदलाव आया है। ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर समेत घाटी के मैदानी इलाकों में रुक-रुक कर बारिश जारी रही। पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले दो दिनों (बुधवार और गुरुवार) तक कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, ऊंचे पहाड़ों पर बर्फबारी और कुछ क्षेत्रों में आंधी-तूफान के साथ ओलावृष्टि की संभावना है। हालांकि, 16 से 24 अक्तूबर के बीच मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। बर्फबारी के बाद गुलमर्ग, अफरवात, सोनमर्ग और जोजिला क्षेत्र की पहाड़ियां चमक उठी हैं, जो पर्यटकों के लिए एक आकर्षक नजारा बन गया है। कश्मीर में जहां बर्फबारी से ठंड बढ़ी है, वहीं जम्मू संभाग बीते रविवार को हुई मूसलाधार बारिश से हुए नुकसान से अब भी जूझ रहा है। जम्मू शहर के बनतालाब इलाके में 11 अक्टूबर को एक नाले में बही महिला रुखसाना कौसर का शव मंगलवार को एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों ने तीन दिन के गहन तलाशी अभियान के बाद बरामद कर लिया। एसडीआरएफ की डीएसपी अल्बीना मलिक ने बताया कि रुखसाना अपने पति मोहम्मद कलीम को बचाने के प्रयास में तेज बहाव में बह गई थीं। कड़ी मशक्कत के बाद एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और पुलिस के संयुक्त तलाशी दल ने उनका शव ढूंढ निकाला।