बोले- हर केस की सुनवाई खुले मन, धैर्य, गरिमा और सम्मान के साथ करूंगा
जबलपुर । मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के एक्टिंग चीफ जस्टिस विवेक रूसिया ने जस्टिस अमित लाहोटी को हाईकोर्ट के अतिरिक्त न्यायाधीश पद की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह हाईकोर्ट के कोर्ट नंबर-1 में आयोजित किया गया। इससे पहले रजिस्ट्रार जनरल धरमिंदर सिंह ने जस्टिस लाहोटी के नियुक्ति-पत्र का वाचन किया।
शपथ लेने के बाद सोमवार को जस्टिस अमित लाहोटी ने कहा कि वह प्रत्येक मामले की सुनवाई ओपन माइंड, पेंशेंस, डिग्निटी और रिस्पेक्ट के साथ करेंगे। उन्होंने कहा कि न्यायपालिका की गरिमा को बनाए रखने के लिए वह हरसंभव प्रयास करेंगे। उनके संबोधन में न्यायिक दायित्वों के प्रति प्रतिबद्धता और निष्पक्ष सुनवाई का भरोसा स्पष्ट दिखाई दिया।
बार एसोसिएशन ने व्यक्तित्व निर्माण में निभाई अहम भूमिका
जस्टिस लाहोटी ने अपने संबोधन में हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ग्वालियर के योगदान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि उनके व्यक्तित्व निर्माण में बार एसोसिएशन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। बार से उन्हें बहुत कुछ सीखने का अवसर मिला, जिसने उनके पेशेवर और व्यक्तिगत विकास में मदद की। उन्होंने अपने माता-पिता से मिली सीख का भी उल्लेख किया। जस्टिस लाहोटी ने कहा कि उन्हें हमेशा यह सिखाया गया कि परिस्थितियां अनुकूल हों तो व्यक्ति को जमीन से जुड़ा रहना चाहिए, जबकि परिस्थितियां विपरीत हों तो पूरी ताकत और धैर्य के साथ उनका सामना करना चाहिए।

