कृषि और ग्रामीण विकास से जुड़ी पहलों ने गरीबी कम करने में अहम भूमिका निभाई

ताज़ा खबर देश-विदेश

-केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा- करीब 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए
नई दिल्ली । केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि कृषि और ग्रामीण विकास से जुड़ी पहलों ने देश में अत्यधिक गरीबी कम करने में अहम भूमिका निभाई है और करीब 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। कृषि और ग्रामीण विकास मंत्रालयों की संयुक्त कार्यशाला को संबोधित करते हुए चौहान ने हाल ही में जारी विश्व बैंक की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि देश में अत्यधिक गरीबी की दर 27.1 फीसदी से घटकर 2.6 फीसदी रह गई है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि सरकार के विभिन्न विभागों के सामूहिक प्रयासों का नतीजा है।
उन्होंने कई कल्याणकारी योजनाओं को लागू करने में जुटे अधिकारियों और कर्मचारियों के योगदान की सराहना की। चौहान ने अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि आपने केवल योजनाएं नहीं बनाई हैं, बल्कि राष्ट्र निर्माण किया है। विकास की इस यात्रा के असली सूत्रधार आप हैं। डॉ. आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र में आयोजित इस एक दिवसीय कार्यशाला में कृषि राज्यमंत्री भागीरथ चौधरी, ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान और कृषि, ग्रामीण विकास, भूमि संसाधन तथा कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। चौहान ने कहा कि तत्काल प्राथमिकता यह तय करना है कि गरीबी से बाहर आए लोग दोबारा इसकी चपेट में न आएं। साथ ही, आबादी के शेष 2.6 से 2.7 फीसदी लोगों के जीवन स्तर में सुधार के प्रयास तेज किए जाने चाहिए।