नगरीय प्रबंधन में इंदौर की मिसाल, दूसरे शहरों को मॉडल अपनाने की सलाह

इंदौर

वर्ल्ड मेयर्स फोरम में सीएम फडणवीस ने इंदौर का दिया उदाहरण, महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने साझा किए शहरी विकास के अनुभव ::
मुम्बई/इंदौर । स्वच्छता और नगरीय प्रबंधन के क्षेत्र में इंदौर की पहचान अब देश के दूसरे शहरों के लिए भी उदाहरण बन रही है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई में आयोजित तीसरे वर्ल्ड मेयर्स फोरम में इंदौर की व्यवस्थाओं का उल्लेख करते हुए स्थानीय निकायों को इंदौर, अहमदाबाद और मुंबई के सफल मॉडल का अध्ययन कर उन्हें अपनाने की सलाह दी। सम्मेलन में इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर शहर का प्रतिनिधित्व किया।
महापौर भार्गव ने मेयर राउंडटेबल में देश-विदेश के शहरों के प्रतिनिधियों के साथ शहरी विकास की चुनौतियों और भविष्य की जरूरतों पर विचार साझा किए। इसमें शहरों के बीच सहयोग, साझेदारी और सामूहिक नेतृत्व के जरिए टिकाऊ, समावेशी और बेहतर नागरिक सुविधाओं वाले शहर विकसित करने पर चर्चा हुई।
फडणवीस ने कहा कि देश की जीडीपी में शहरों की हिस्सेदारी करीब 65 प्रतिशत है। ऐसे में शहरीकरण को समस्या के बजाय आर्थिक और सामाजिक विकास के अवसर के रूप में देखना चाहिए। उन्होंने टिकाऊ विकास, बेहतर सार्वजनिक परिवहन और नागरिक सुविधाओं को शहरी विकास के प्रमुख आधार बताया। साथ ही स्थानीय निकायों से सफल शहरों की व्यवस्थाओं का अध्ययन कर उन्हें अपनाने का आग्रह किया।
:: महाराष्ट्र में 100 अरब डॉलर निवेश का लक्ष्य ::
फडणवीस ने महाराष्ट्र में अगले पांच वर्षों के दौरान बुनियादी ढांचे में 100 अरब डॉलर का निवेश आकर्षित करने का लक्ष्य बताया। मुंबई महानगर क्षेत्र में करीब 50 अरब डॉलर की परियोजनाएं विकसित की जा रही हैं। इनमें मेट्रो, सड़क, फ्लाईओवर, सुरंग, जलापूर्ति और सीवेज ट्रीटमेंट जैसी परियोजनाएं शामिल हैं।
उन्होंने नवी मुंबई एयरपोर्ट के आसपास थर्ड मुंबई और विरार-वधावन क्षेत्र में फोर्थ मुंबई विकसित करने की योजनाओं की जानकारी भी दी। धारावी पुनर्विकास परियोजना के जरिए नया व्यावसायिक केंद्र विकसित करने की बात कही।
सम्मेलन में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, मुंबई की महापौर ऋतु तावड़े सहित देश-विदेश के महापौर, नगरीय प्रशासनिक अधिकारी और शहरी विकास विशेषज्ञ शामिल हुए। आयोजन ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ लोकल सेल्फ गवर्नमेंट के शताब्दी वर्ष के अवसर पर किया गया।