संविधान गौरव दिवस पर प्रदर्शनी का उद्घाटन

मध्य प्रदेश

संविधान गौरव दिवस पर प्रदर्शनी का उद्घाटन, मुख्यमंत्री बोले- संविधान जेब में रखने की नहीं, आत्मसात करने की वस्तु

भोपाल । संविधान गौरव दिवस के अवसर पर गुरुवार को कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित प्रदर्शनी का मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल तथा केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने उद्घाटन किया। अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन करने के बाद प्रबुद्धजन संगोष्ठी को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि संविधान का अपमान करने वाली कांग्रेस आज दिखावे के लिए संविधान की कॉपी लहराती है। संविधान जेब में रखने की वस्तु नहीं, बल्कि आत्मसात करने का ग्रंथ है। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी के शासनकाल में आपातकाल लगाकर न्यायालय के अधिकार छीने गए और प्रेस पर सेंसरशिप लगाई गई। संविधान निर्माण में भारत नाम की पैरवी से लेकर राष्ट्रीय प्रतीक के चित्रांकन तक मध्यप्रदेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि संविधान भारत की एकता, समानता और बंधुता की आत्मा है। बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने अपनी पीड़ा को प्रेरणा बनाकर समाज को नई दिशा दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा साहब से जुड़े पांच स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित कर राष्ट्रीय गौरव बनाया है।
केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि संविधान भारत की एकता, न्याय और उज्ज्वल भविष्य का मार्गदर्शक है। युवाओं को बाबा साहब के विचार आत्मसात कर सामाजिक न्याय और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देना चाहिए। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर, उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस रोहित आर्य सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।