समस्या समाधान शिविर : 300 हितग्राहियों की सुनी गईं समस्याएं, 105 आवेदनों का मौके पर निराकरण

मध्य प्रदेश

:: हाउसिंग बोर्ड कार्यालय में शिविर, अध्यक्ष ओम जैन रहे मौजूद ::
इंदौर । मध्य प्रदेश गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल (हाउसिंग बोर्ड), वृत्त इंदौर द्वारा गुरुवार को कॉलोनियों के रहवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए एक विशेष समस्या समाधान शिविर का आयोजन किया गया। प्रेस कॉम्प्लेक्स के सामने स्थित वृत्त कार्यालय में आयोजित इस शिविर में मंडल के अध्यक्ष ओम जैन विशेष रूप से उपस्थित रहे। शिविर में पहुंचे करीब 300 हितग्राहियों की शिकायतों को बेहद गंभीरता से सुना गया, जिनमें से 105 आवेदनों का मौके पर ही त्वरित निराकरण कर राहत पहुंचाई गई।
:: हितग्राहियों को मिली राहत, मौके पर हुए समाधान ::
शिविर के दौरान वृत्त कार्यालय में हितग्राहियों की ओर से नामांतरण, लीज नवीनीकरण, रजिस्ट्री, फ्रीहोल्ड और अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) सहित विभिन्न विषयों से जुड़े आवेदन और शिकायतें प्रस्तुत की गईं। अधिकारियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए ऑन-स्पॉट कार्रवाई की और 5 हितग्राहियों को तत्काल नामांतरण एवं फ्रीहोल्ड प्रमाण-पत्र भी सौंपे। अन्य लंबित प्रकरणों को लेकर संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में त्वरित कार्रवाई करने के कड़े निर्देश दिए गए। इसी कड़ी में मांग आधारित मामलों तथा नियमों और प्रक्रियाओं में सुधार से जुड़े विषयों के निराकरण के लिए मुख्यालय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। विशेष रूप से उन संपत्तियों के फ्रीहोल्ड मामलों पर विस्तृत चर्चा की गई, जिनका नाम राजस्व अभिलेखों (सरकारी रिकॉर्ड) में अभी तक मंडल के नाम पर दर्ज नहीं है।
:: राजस्व विभाग से समन्वय के निर्देश ::
अध्यक्ष ओम जैन ने इस विषय को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे तत्काल राजस्व विभाग से समन्वय स्थापित करें और संबंधित कॉलोनियों की भूमि का नामांतरण हाउसिंग बोर्ड के नाम कराने की प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाएं, ताकि हितग्राहियों को भविष्य में किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। त्वरित समाधान की इस पहल की सराहना करते हुए शिविर में पहुंचे नागरिकों ने मंडल अध्यक्ष और प्रशासनिक अमले का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, मंडल के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।