आस्ट्रेलिया ने सही समय वापसी की: विराट

Uncategorized

ब्रिसबेन, 22 नवंबर (वार्ता) भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने पहले ट्वंटी 20 में करीबी चार रन की हार के लिये आस्ट्रेलियाई टीम की सराहना करते हुये कहा है कि विपक्षी टीम ने सही समय पर गेम में वापसी की जिससे मैच उनके हाथ से निकल गया।
भारत और आस्ट्रेलिया का मैच वर्षा से प्रभावित रहा जिससे ओवरों की संख्या कम कर 17 कर दी गयी थी। लेकिन भारत संतोषजनक प्रदर्शन के बावजूद डीएलवाई प्रणाली से चार रन से मैच गंवा बैठा। विराट ने मैच के बाद कहा,“ यह काफी करीबी मैच था। हमने मैच में अच्छी गेंदबाजी की थी लेकिन फिर ग्लेन मैक्सवेल और मार्कस स्टोइनिस ने आखिरी ओवरों में अच्छी बल्लेबाजी से बढ़िया स्कोर बना दिया।”
भारतीय कप्तान ने कहा,“हमारी टीम ने भी लक्ष्य का पीछा करते हुये अच्छी बल्लेबाजी की और शिखर धवन की पारी कमाल की थी। फिर दिनेश कार्तिक ने आखिरी ओवरों में अच्छा प्रदर्शन किया। लेकिन आस्ट्रेलियाई टीम ने सही समय पर वापसी कर ली और मैच हमारे हाथ से निकल गया।”
विराट ने कहा कि बतौर कप्तान उनके पास अब इन चीजों के बारे में सोचने का बहुत समय नहीं है और उनका ध्यान एमसीजी में अगले मैच पर लगा है। कप्तान ने साथ ही यहां भारतीय दर्शकों के समर्थन के लिये शुक्रिया भी अदा किया। मैच से पूर्व कई प्रशंसकों ने विराट से मुलाकात की थी और मैच में भी मेहमान टीम को अच्छा समर्थन मिला।
भारत और आस्ट्रेलिया अब मेलबोर्न में शुक्रवार को दूसरे ट्वंटी 20 में खेलने उतरेंगे जहां मेहमान टीम की कोशिश सीरीज़ बचाने के लिये बराबरी हासिल करने की होगी।
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *