बुलंदशहर की घटना राज्य सरकार की नाकामी का नतीजा:पुनिया

FEATURED मध्य प्रदेश

बाराबंकी 04 दिसम्बर (वार्ता) राज्यसभा सांसद और छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रभारी पीएल पुनिया ने बुलंदशहर की घटना को राज्य सरकार की नाकामी का नतीजा बताते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के शासनकाल में उत्तर प्रदेश हिंसा और अराजकता के दौर से गुजर रहा है।
श्री पुनिया ने मंलवार को यहां कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य की भाजपा सरकार ने जब प्रदेश की सत्ता संभाली थी, तो दावा किया था कि वह समाजवादी पार्टी (सपा) सरकार में हो रही गुंडागर्दी, अराजकता और उत्पीड़न को खत्म करेंगे। भाजपा दावे कर रही थी कि उनकी सरकार बनने के बाद यूपी में लॉ एण्ड ऑर्डर को दुरुस्त किया जाएगा। योगी सरकार को बने हुए डेढ़ साल से ज्यादा का समय बीत चुका है और प्रदेश में हालात ठीक उल्टे हो चुके हैं।
उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। बुंलदशहर में जो हालात बने हैं, उसके लिए भाजपा,संघ और इस तरह के तमाम संगठन जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा और आरएसएस के लोग जगह-जगह अराजकता और गुंडागर्दी कर रहे हैं ।
श्री पुनिया ने कहा कि प्रदेश में गुंडागर्दी कर रहे ऐसे संगठनों के लोगों को कोई पुलिसवाला हाथ भी नहीं लगा सकता। यही वजह है कि पूरे प्रदेश में आज इस तरह के हालात बन गए हैं। इस सरकार में प्रदेश को सुरक्षा देने वाली पुलिस ही सुरक्षित नहीं है। बुलंदशहर में एक इंस्पेक्टर को गोली और पत्थर मारकर शहीद कर दिया जाता है, यह पूरे देश के लिए शर्मनाक है। जबतक ऐसे अराजत तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की जाएगी, प्रदेश में ऐसे हालात बने रहेंगे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, राजस्थान और तेलंगाना जाते हैं। उनको इन जगहों पर कम से कम यह भी बताना चाहिए कि जिस उत्तर प्रदेश के वह मुख्यमंत्री हैं, वहां पर क्या स्थिति है। क्या योगी जी उन प्रदेशों में भी यूपी जैसी स्थिति लाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि इन सवालों के जवाब शायद मुख्यमंत्री योगी नहीं दे सकते, लेकिन प्रधानमंत्री को जरूर इसका जवाब देना चाहिए।
सं त्यागी
वार्ता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *