(नई दिल्ली) नए साल में टीवी दर्शन होगा महंगा, जनवरी से बदलेंगे दो नियम

Uncategorized

नई दिल्ली (ईएमएस)। छोटे पर्दे यानि टेलीविजन देखने वालों के लिए नया साल जेब पर भारी पड़ने वाला है। दरअसल, एक जनवरी से दो बड़े नियम बदलने वाले हैं। पहला, आपके केबल और डीटीएच का मासिक खर्च बढ़ जाएगा। दूसरा, आप उन्हीं चैनल्स के लिए पैसा देंगे जिन्हें आप देखना चाहते हैं। ऐसा नहीं कि आपने एक महीने का डीटीएच रीचार्ज किया और आपको वो चैनल मिल रहे हैं जिन्हें कोई देखना पसंद नहीं करता। एक जनवरी से आपको हर चैनल एमआरपी पर खरीदना पड़ेगा या फिर आप किसी ग्रुप के चैनल पूरे एक साथ खरीद सकते हैं। मसलन, ज़ी एंटरटेनमेंट से जुड़े सभी 24 चैनल आप देखना चाहते हैं तो आपको करीब 45 रुपए महीना देना होंगे। खबर के मुताबिक, टीवी चैनल्स के लिए टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया नई गाइडलाइंस ला रहा है, जो एक जनवरी से लागू होंगी।
फिलहाल छोटे कस्बों में केबल/डीटीएच का बिल करीब 200-250 रुपए महीने और छोटे शहरों में करीब 350-400 रुपए का आता है। इतने रुपए में अभी आप सभी रीजनल चैनल सहित कुछ प्रीमियम चैनल भी देख लेते हैं, लेकिन अगले महीनों से आपका ये खर्च करीब 420-450 रुपए महीने का हो सकता है, जिसमें आपको ज्यादातर पसंदीदा चैनल मिल जाएंगे। अगर आप प्रीमियम, एचडी और स्पोर्ट्स के सभी चैनल देखना चाहते हैं तो आपको करीब 600 रुपए महीने खर्च करने पड़ सकते हैं। केबल के जरिए या डीटीएच के जरिए, अब तक आपको तकरीबन 100 चैनल फ्री मिलते हैं। ये वो चैनल होते हैं, जो आपको पैकेज के साथ मिलते हैं और जिनका कोई पैसा आपको नहीं देना होता। लेकिन एक जनवरी के बाद जब ट्राई के नए नियम लागू होंगे तो आपको करीब 130 रुपए भरने होंगे।
कुछ चैनल 1 रुपए में मिलेंगे जिनमें- डिस्कवरी जीत, बिग मैजिक, जी अनमोल, बिंदास, रिश्ते, सोनी पल, लिविंग फूड्स, स्टार उत्सव, मूवीज ओके, सोनी मैक्स-2, जी एक्शन, सोनी वाह, जी अनमोल सिनेमा, न्यूज 18 इंडिया, आजतक, एनडीटीवी इंडिया, सीएनबीसी आवाज, सीएनएन, एनडीटीवी प्रॉफिट, सोनी मिक्स, जिंग, जी ईटीसी बालीवुड, वीएच-1, डिस्कवरी साइंस आदि।
वहीं, इन चैनलों को एक साथ सब्सक्राइब कर सकते हैं।
कंपनी – चैनल – रुपए/महीना
स्टार इंडिया 13 – 49
ज़ी एंटरटेनमेंट 24 – 45
सोनी पिक्चर 09 – 31
इंडिया कास्ट 20 – 25
डिस्कवरी नेटवर्क 08 – 08
डिज्नी 07 – 10
टाइम्स नेटवर्क 04 – 07
टीवी टुडे 02 – 05
विपिन/ईएमएस/ 18 दिसंबर 2018

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *