(बार्सिलोना) जानवरों के साथ क्रूरता खत्म करने के लिए सड़कों पर न्यूड प्रदर्शन

बार्सिलोना (ईएमएस)। बार्सिलोना में इन दिनों अजब नजारा देखने को मिल रहा है। शहर में लोग सड़कों पर उतरकर नग्न अवस्था में प्रदर्शन कर रहे हैं। दरअसल लेदर के उत्पाद और जानवरों के फर के प्रयोग के विरोध में प्रदर्शनकारी सड़कों पर हैं। जानवरों के साथ होनेवाली क्रूरता के विरोध में प्रदर्शनकारी सांकेतिक तौर पर शरीर पर नकली खून लगाकर विरोध जता रहे हैं। बार्सिलोना में इससे पहले भी कई प्रदर्शन हो चुके हैं।
जानवरों के अधिकारों के लिए काम करने वाली संस्था के सैकड़ों प्रदर्शनकारी शहर के सबसे बड़े शॉपिंग प्लाजा और टूरिस्ट स्पॉट पर प्रजर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि शहर के पॉप्युलर टूरिस्ट जगहों पर प्रदर्शन का उद्देश्य है कि लोगों को जानवरों के साथ होनेवाली क्रूरता के खिलाफ जागरूक किया जा सके। फर इंडस्ट्री में जानवरों के साथ होनेवाली क्रूरता को रोकने के लिए हम संघर्ष कर रहे हैं। संस्था का कहना है कि हर साल 32 मिलियन जानवर फर इंडस्ट्री की जरूरतों को पूरा करने के लिए मारे जाते हैं। पिछले साल भी बार्सिलोना में इसी ग्रुप ने टॉपलेस होकर प्रदर्शन किया था। इस ग्रुप ने तब नकली रक्त के साथ सड़कों पर लाल पाउडर फेंककर सांकेतिक तौर पर जानवरों के साथ होनेवाली क्रूरता के खिलाफ आवाज उठाई थी।
आशीष/18 दिसंबर 2018