50 लाख खर्च के बाद भी नहीं उठ रहा भेल से कचरा

भेल प्रबंधन अब ननि को सौपेगा कचरा कलेक्शन का काम
भोपाल । राजधानी के भेल टाउनशिप में 50 लाख रुपए सालाना कचरा कलेक्शन के नाम पर खर्च हो रहा है इसके बाद कचरा नहीं उठ रहा है। अब भेल प्रबंधन ने यह काम नगर निगम को सौंपने का निर्णय लिया है। जल्द ही नगर निगम प्रशासन डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन करेगा। इसके लिए हाल ही में भेल नगर प्रशासन ने नगर निगम प्रशासन को पत्र लिखा है। अभी तक भेल नगर प्रशासन टाउनशिप में कॉन्ट्रेक्ट देकर कचरा कलेक्शन करवाता है। इसके बावजूद भी भेल में डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन नहीं हो पाता।भेल टाउनशिप में रहने वाले भेल कर्मचारियों, उनके परिजन व अन्य लोगों को घरों का कचरा जगह-जगह रखीं सीमेंट के टंकियों में डालते हैं। यहां से भेल नगर प्रशासन के कर्मचारी ट्रकों से भरकर कचरा आदमपुर छावनी में डंप करते हैं। शहर के अन्य इलाकों की तरह रिक्शों से डोर-टू-डोर कचरा नहीं कलेक्शन नहीं होने से भेल टाउनशिप की खाली जमीनों पर कचरा पड़ा रहता है। गोविंदपुरा, बरखेड़ा, हबीबगंज और पिपलानी में खंडहर आवसों व खाली जमीन पर गंदगी रहती है। भेल क्षेत्र के खंडहर आवास कचरा घर बन गए हैं। खंडहर आवासों में असामाजिक तत्वों की आवाजाही रहती है। ऐसे में शराब सहित अन्य पेय व खाद्य पदार्थों के रेपर खंडहर आवासों में पड़े रहते हैं।
कई दिनों तक टाउनशिप में जगह-जगह रखी सीमेंट की टंकियों में कचरा पड़ा रहता है। इससे गंदी बदबू आती रहती है। यदि भेल टाउनशिप में नगर निगम प्रशासन रिक्शों से कचरा कलेक्शन करना शुरू कर देता है तो भेल की खाली जमीनों व खंडहर आवासों पर कचरा नहीं दिखेगा। रोजाना लोग रिक्शों को कचरा देंगे। नगर निगम टाउनशिप में कुछ जगहों पर छोटे-छोटे कचरा घर बनाएगा। घर-घर से कचरा रिक्शों उठाया जाएगा। कचरे को पहले बनाए गए छोटे-छोटे कचरा घरों में डाला जाएगा। इसके बाद कचरा डंपरों व अन्य गाड़ियों से खंती तक पहुंचेगा। इससे गंदगी की समस्या काफी हद तक दूर होगी। भेल नगर प्रशासक अनंत टोप्पो ने बताया कि भेल टाउनशिप में रिक्शों से डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन की व्यवस्था शुरू करने की योजना है। ननि प्रशासन को पत्र लिखा है। उनसे कहा गया है कि जिस तरह शहर के अन्य इलाकों में डोर-टू-डोर कचरा उठाया जाता है, उसी तरह भेल टाउनशिप से भी कचरा उठाएं। इसके एवज में जो खर्च आएगा, उस राशि का भुगतान नगर निगम प्रशासन को किया जाएगा। इस बारे में नगर निगम के अपर आयुक्त मयंक वर्मा का कहना है कि भेल टाउनशिप में रिक्शों से डोर-टू-डोर कचरा उठवाने के लिए भेल नगर प्रशासन ने पत्र लिखा है। ननि स्वास्थ्य प्रभारी के पास पत्र आया है। जल्द ही पत्र देखकर भेल टाउनशिप में डोर-टू-डोर कचरा उठाने की व्यवस्था शुरू करने भेल नगर प्रशासक से बात की जाएगी।
सुदामा नर-वरे/13मई2019