अमरेली, 17 मई (वार्ता) एशियाई शेरों के एकमात्र प्राकृतिक निवास गुजरात के गिर वन के पूर्वी विस्तार में अमरेली जिले से आज एक और शेर शावक का शव बरामद किया गया।
जूनागढ़ के मुख्य वन संरक्षक डी टी वसावड़ा ने आज बताया कि लगभग पांच से छह माह के शेर शावक का शव तुलसी श्याम रेंज में रबारिका राउंड के जामका गांव से बरामद किया गया। प्रथम दृष्टया इसकी मौत शेरों की आपसी लड़ाई में हुई मालूम होती है। शव बुरी तरह क्षत विक्षत है और पास ही शेरों के पंजे के निशान और खून के धब्बे पाये गये हैं। विस्तृत पड़ताल की जा रही है।
इससे पहले 15 मई को जिले में पूर्वी गिर वन के दलखानिया रेंज से छह से सात माह के एक अन्य शावक का शव बरामद हुआ था।