भोपाल। मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा धार जिले के माण्डू शहर में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले पर्यटन संवर्धन महोत्सव “मांडू उत्सव” के तीसरे संस्करण का शुभारंभ दिनांक 30 दिसम्बर 2021 को होगा। मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नवाचारों को क्रियान्वित करने में सदैव अग्रणी रहा है। इसी श्रृंखला में विंध्याचल की खूबसूरत पर्वतमालाओं के बीच 2000 फीट की ऊंचाई पर बसे आनंद नगरी (सिटी ऑफ जॉय) के रूप में विख्यात माण्डू शहर में ई-फैक्टर एंटरटेनमेंट के सहयोग से आयोजित ऐतिहासिक विरासत उत्सव शहर की विरासत, संस्कृति, वास्तुकला और जीवाश्म विज्ञान के इतिहास को प्रदर्शित करने की एक पहल है। इस आयोजन में विभिन्न पर्यटन आधारित गतिविधियों जैसे हैरिटेज वॉक, फूड वॉक, फोटोग्राफी टूर, रूरल एक्सकर्शन टूर, साइकिल टूर के साथ साहसिक गतिविधियों, योग, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, कला तथा शिल्प प्रदर्शिनी का भी समावेश किया गया है। इन प्रस्तुतियों के साथ माण्डू उत्सव के दौरान मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा माण्डू के आसपास के विभिन्न क्षेत्रों के पर्यटन स्थलों के भ्रमण हेतु विभिन्न यात्रा कार्यक्रम भी तैयार किये गए है। जिसका उद्देश्य पर्यटको को सिर्फ माण्डू उत्सव तक सीमित न रखते हुए आसपास के विभिन्न पर्यटन स्थलों के भ्रमण हेतु प्रोत्साहित करना है जिससे उत्सव में आने वाले पर्यटक इन पर्यटन स्थलों का भी आनंद ले सकेंगें। इस महोत्सव का समापन समारोह 3 जनवरी 2022 को होगा।