नई दिल्ली । देशभर में आज श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा-वृंदावन में लाखों भक्त उमड़े हैं। केवल वृंदावन में ही लगभग 10 लाख श्रद्धालु मौजूद हैं। बांके बिहारी मंदिर के बाहर भक्तों की लंबी कतारें लगी देखी गई हैं।
मथुरा की श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर ठाकुरजी के लिए विशेष पोशाक तैयार की गई है, जिसे स्थानीय कारीगरों ने 6 महीने की मेहनत से बनाया है। इसमें सोने-चांदी के तारों और इंद्रधनुष के 7 रंगों का प्रयोग किया गया है। ठाकुरजी इस पोशाक में दिव्य रूप में नजर आएंगे। मंदिर को इस बार ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की थीम पर सजाया गया है। फूल बंगले को सिंदूरी रंग के फूलों से सजाया गया है, जिन्हें कोलकाता और बेंगलुरु से मंगाया गया है।
बिहार के इस्कॉन मंदिर को फूलों से सजाया
बिहार में भी जन्माष्टमी का उत्सव भव्य तरीके से मनाया जा रहा है। पटना के इस्कॉन मंदिर को 80 क्विंटल फूलों से सजाया गया है। बताया गया है कि ये फूल थाईलैंड, बैंकॉक, कोलकाता और बेंगलुरु से मंगाए गए हैं। इस बार मंदिर को ‘वृंदावन थीम’ पर सजाया गया है। भगवान का अभिषेक 251 चांदी के कलश और शंखों से किया जाएगा।
इस अवसर पर 501 प्रकार के पकवानों का महाभोग ठाकुरजी को अर्पित किया जाएगा। जन्माष्टमी के मौके पर छह शुभ योग—वृद्धि योग, ध्रुव योग, श्रीवत्स, गज लक्ष्मी, ध्वांक्ष और बुद्धादित्य योग—का विशेष संयोग बन रहा है, जिसे धन, सुख और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। पटना इस्कॉन मंदिर के पट सुबह 7 बजे श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए, जो देर रात 1 बजे तक खुले रहेंगे। हजारों भक्त दर्शन और झूलन उत्सव में शामिल हो रहे हैं।