-हादसे की उच्च स्तरीय जांच का आदेश, हेल्पलाइन जारी
नई दिल्ली । नए साल की पहली ही सुबह माता वैष्णो देवी मंदिर परिसर मची भगदड़ में कुचलकर 12 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 26 लोग जख्मी हैं। घायलों में तीन लोगों की हालत गंभीर बताई गई है। जम्मू-कश्मीर पुलिस के डीजीपी दिलबाग सिंह ने बताया कि यह हादसा तड़के 2:45 बजे हुआ। जब लाइन में लगे कुछ लोगों के बीच बहस हुई और फिर उनके बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसके बाद लोग भागने लगे, जिसके चलते यह हादसा हुआ।
नए साल के पहले ही दिन हुए हादसे पर पीएम नरेंद्र मोदी ने दुख प्रकट किया है। वह पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह घटना स्थल के लिए रवाना हो गए हैं। पुलिस ने बताया कि हादसे में मौत का शिकार होने वाले बारह लोगों में सात की पहचान कर ली गई है, जबकि बाकी की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। जम्मू-कश्मीर के डीजीपी दिलबाग सिंह ने युवकों के विवाद को हादसे की वजह बताया है। उन्होंने कहा दर्शन के लिए लाइन में लगे कुछ लोगों के बीच धक्का-मुक्की शुरु हुई, इसके चलते भगदड़ मच गई। डीजीपी सिंह ने कहा अफसोस की बात है। रात 2:30 बजे करीब गेट नंबर पर 3 पर लाइन में लगे कुछ लोगों में बहस हुई, फिर धक्कामुक्की हुई हो गई। इसके बाद मची भगदड़ की वजह से यह हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद यात्रा कुछ देर के लिए रोकी गई थी, लेकिन अब इसे फिर से शुरू कर दिया गया है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं।
श्राइन बोर्ड ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
वैष्णो देवी मंदिर श्राइन बोर्ड ने हादसे के पीड़ितों के परिजनों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। श्राइन की बोर्ड द्वारा जारी किए गए 01991234804 और 01991234053 नंबरों पर कॉल करके वैष्णो देवी गए अपने परिचितों या परिजनों की स्थिति जानी जा सकती है। जिला प्रशासन की ओर से ये नंबर जारी किए गए हैं-पीसीआर कटरा 01991-232010/ 9419145182, पीसीआर रियासी 01991245076/ 9622856295; रियासी कंट्रोल रूम 01991-245763/ 9419839557।
नए साल के मौके पर जुटे थे 80 हजार श्रद्धालु
वैष्णो देवी मंदिर परिसर के ड्यूटी ऑफिसर जगदेव सिंह ने बताया कि मृतकों में एक शख्स जम्मू-कश्मीर के ही राजौरी का रहने वाला है। इसके अलावा अन्य 11 लोग देश के अलग-अलग राज्यों के हैं। अब तक मृतकों में से 7 लोगों की पहचान कर ली गई है। 5 अन्य लोगों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। इस हादसे में 14 लोग जख्मी हुए हैं, जिन्हें वैष्णो देवी नारायणा सुपर स्पेशियालिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से कई लोगों की हालत गंभीर है।
उन्होंने बताया नए साल की पूर्व संध्या पर मंदिर में करीब 70 से 80 हजार श्रद्धालु पूजा अर्चना के लिए पहुंचे थे। एक स्थानीय दुकानदार ने कहा श्राइन बोर्ड ने श्रद्धालुओं की संख्या तय नहीं की थी। त्रिकुटा हिल्स में ज्यादा श्रद्धालु नहीं ठहर सकते हैं। ऐसे में उन्हें कटरा बेस कैंप में ही रोकना चाहिए था और उनकी संख्या भी तय करनी चाहिए थी।
मृतकों को 12 लाख रुपए की आर्थिक मदद
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने बताया पीएम नरेंद्र मोदी पूरी घटना पर नजर बनाए हुए हैं। उल्लेखनीय है कि पीएम नरेंद्र मोदी ने केंद्र सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपए की मदद का एलान किया है। घायलों को भी 50 हजार रुपए की मदद का फैसला लिया है। जम्मू-कश्मीर सरकार ने भी मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपए और घायलों को 2 लाख रुपए की मदद देने की घोषणा की है।
घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए : राय
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने बताया माता वैष्णो देवी भवन में कुछ श्रद्धालुओं के बीच धक्का-मुक्की शुरू होने के बाद मची भगदड़ की वजह से यह दर्दनाक घटना घटी। घटना की जांच के आदेश दिए गए हैं। स्वयं प्रधानमंत्री इस मामले में अधिकारियों से संपर्क बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा अब वहां स्थिति सामान्य है और व्यवस्था बनाकर श्रद्धालुओं को दर्शन की अनुमति दे दी गई। उन्होंने बताया कि घायलों का अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।
अमित शाह ने एलजी सिन्हा से लिया अपडेट
इस घटना पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने दुख जताया है, उन्होंने जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से बात कर स्थिति की जानकारी ली है। उन्होंने एक ट्वीट कर कहा माता वैष्णो देवी मंदिर में हुई दुखद दुर्घटना से हृदय अत्यंत व्यथित है। इस संबंध में मैंने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से बात की है। प्रशासन घायलों को उपचार पहुंचाने के लिए निरंतर कार्यरत है। इस हादसे में जान गवांने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।
राष्ट्रपति, रक्षामंत्री व राहुल गांधी ने भी जताया दु:ख
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी वैष्णो देवी मंदिर में हुई घटना पर गहरी संवेदना जाहिर की है। राष्ट्रपति ने भगदड़ में घायल हुए लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी माता वैष्णो देवी मंदिर में हुए हादसे पर दुख जताया है। केंद्रीय मंत्री ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने माता वैष्णो देवी मंदिर में भगदड़ के दौरान मारे गए लोगों के प्रति अपनी संवेदना जाहिर की है। राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा’ माता वैष्णोदेवी मंदिर में हुई भगदड़ की दुर्घटना दुखद है। मृतकों के परिवारजनों को मेरी शोक संवेदनाएं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना है।