महाराष्ट्र में रविवार को 24 घंटों में कोरोना के 44,388 नए मामले मिले


मुंबई । महाराष्ट्र में रविवार को पिछले 24 घंटों में कोरोना के 44,388 नए मामले मिले हैं। जबकि इस दौरान 12 मरीजों की मौत हुई है। महाराष्ट्र के करीब 50 फीसदी नए मरीज तो सिर्फ मुंबई में सामने आए हैं। महाराष्ट्र में कोरोना के बढ़ते हुए मामलों को देखते हुए राज्य सरकार की ओर से कई प्रतिबंध लगाए गए हैं। यह प्रतिबंध 10 जनवरी से लागू होंगे।
महाराष्ट्र में ओमिक्रॉन के 207 नए केस भी मिले हैं। इनमें से 155 की पुष्टि बीजे मेडिकल कॉलेज और 52 की पुष्टि नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी से हुई है। राज्य में अब तक 1216 ओमिक्रॉन मरीज मिल चुके हैं।
शनिवार को महाराष्ट्र में कोरोना के 40 हजार से अधिक नए मामले सामने आए थे। सिर्फ मुंबई में ही 20 हजार से ज्यादा मामले सामने आए थे। इसे देखते हुए मुंबई में सख्ती बढ़ा दी गई हैं। बिना मास्क के घूमते मिलने वाले लोगों का जुर्माना किया जा रहा है। प्रतिबंधों को लेकर नए नियमों के मुताबिक जू, म्युजियम, इंटरटेनमेंट पार्क, स्वीमिंग पूल वगैरह बंद किए जा रहे हैं। हेयर कटिंग सेलून, शॉपिंग माल 50 फीसदी क्षमता के साथ काम कर सकते हैं। स्कूल और कॉलेज बंद किए गए हैं।