कश्मीर से कन्याकुमारी तक अगले दो दिन ठंड रहेगी जारी

नई दिल्ली । उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा में कोहरा छाया हुआ है। नजारा कुछ ऐसा है कि समझ पाना मुश्किल है कि कहां धरती खत्म हो रही है और कहां आसमान शुरू हो रहा है। जैसे आसमान धरती पर ही उतर आया है। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले कई दिनों तक उत्तरी राज्यों में कड़ाके की ठंड और शीतलहर रहेगी। इन राज्यों में पंजाब, हरियाणा, चंड़ीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान शामिल हैं।
पहाड़ों पर हो रही भारी बर्फबारी के चलते सप्ताहभर से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। दिन में धूप नहीं निकल रही। इससे लोग घरों में ही दुबके रहने को मजबूर हैं। हरियाणा के अधिकतर जिलों में सिवियर कोल्ड-डे और कोल्ड-डे की स्थिति बन गई। मौसम विभाग ने कहा है कि दिल्ली में 20 जनवरी तक घने कोहरे के साथ शीतलहर का प्रकोप जारी रहेगा। देश के उत्तर पश्चिमी भाग में 19 जनवरी तक घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने बताया है कि हिमालयी क्षेत्र में 18 जनवरी से पश्चिमी विक्षोभ का असर पड़ेगा, इसके बाद 21 जनवरी से अगला पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी भारत पर असर डालेगा। दिल्ली, मध्यप्रदेश और राजस्थान में अगले 24 घंटों के दौरान रात और अलसुबह बहुत घना कोहरा हो सकता है।
मप्र में रात का पारा 10 से नीचे रहा
मध्यप्रदेश के शहरों में रात का पारा 10 डिग्री से नीचे आ गया। सीजन में यह पहली बार है, जब प्रदेश के ज्यादातर शहरों में न्यूनतम तापमान एक डिजिट (यानी 10 से कम) में आ गया। सिर्फ होशंगाबाद और सतना में पारा 10 डिग्री रहा। बाकी जगह इससे नीचे। दो दिन से कोहरा और बादल हैं। मौसम वैज्ञानिक पीके साहा ने बताया कि अगले 24 घंटे तक मौसम इसी तरह रहेगा।
छग में कोहरे के साथ शीतलहर
छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पिछले कुछ दिनों से इलाके में रोज सुबह से कोहरे भी छाए रहते हैं। सुबह से गौरेला-पेंड्रा-मरवाही से अमरकंटक तक के इलाके में धुंध छाई रही। जिसकी वजह से कई ट्रेनें भी प्रभावित रहीं। यात्री भी परेशान होते रहे। इलाके में पड़ रही ठंडी से जनजीवन भी प्रभावित है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 2 दिन इस इलाके में इसी तरह की ठंड रहने की संभावना है। यहां सुबह 11 करीब बजे तक इसी तरह से कोहरे छाए हुए थे। मौसम विभाग के अनुसार तापमान में गिरावट के साथ सर्दी भी और बढ़ेगी। दिल्ली में 17 जनवरी से 20 जनवरी तक घने कोहरे के साथ शीतलहर जारी रहेगी, जिसके चलते दिन में भी धूप देखने को नहीं मिलेगी और हाड़ कंपा देने वाली ठंड से लोगों को सामना करना पड़ेगा। न्यूनतम तापमान समान्य से दो सेल्सियस 6 डिग्री और अधिकतम तापमान 14 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इससे पहले शनिवार को न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस पर ही सिमट गया था। मंगलवार को न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन इससे ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
राजस्थान में 50 मीटर रह गई विजिबिलिटी
राजस्थान का आधा हिस्सा घने कोहरे की चपेट में है। धुंध की वजह से 50 मीटर से ज्यादा दूर कुछ नजर नहीं आ रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि पांच साल बाद राजस्थान में विजिबिलिटी 50 मीटर तक घट गई। इससे पहले 14 जनवरी 2016 को विजिबिलिटी 50 मीटर रिकॉर्ड की गई थी। प्रदेश में एक कम तीव्रता का पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से ऐसी परिस्थितियां बनी हैं। शीतलहर के चलते कड़ाके की ठंड कम होने का नाम नहीं ले रही है। हालांकि 4-5 दिन बाद मौसम बदलने के आसार हैं, तब ठिठुरन से राहत मिल सकती है। सोमवार को भी राजधानी जयपुर सहित 18 जिलों में घना कोहरा छाया रहा। इससे कई जगहों पर सुबह 9 से 10 बजे के बाद सूरज नहीं दिखा। जहां कहीं धूप निकली भी तो सर्द हवाओं की वजह से गलन व ठिठुरन के बीच उसका असर न के बराबर रहा। फतेहपुर शेखावाटी में बीती रात को पारा गिरकर 2 डिग्री से नीचे चला गया। माउंट आबू में भी पारा लगातार 9वें दिन माइनस में रहा। जयपुर में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री रहा। यहां भी सुबह कोहरे की चादर बिछी रही।