अपने गीतों के जरिए लोगों के मन में अनंतकाल तक बसी रहेंगी लता
नई दिल्ली । बॉलीवुड गायिका लता मंगेशकर की जयंती पर देश के प्रमुख नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, नितिन गडकरी, शिवराज सिंह चौहान और यूपी के सीएम योगी ने लता मंगेशकर के योगदान को याद करते हुए उनके प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त की हैं। अमित शाह ने एक्स पर लिखा- लता दीदी के सुरों में सहजता, स्थिरता और वह आत्मीयता थी, जो हर एक श्रोता को मंत्रमुग्ध कर देती थी। उनसे जब भी मिलना हुआ, संगीत और कला संबंधी विषयों पर लम्बी बातचीत हुई। अनेक भाषाओं और बोलियों के संगीत को अपनी जादुई आवाज से समृद्ध बनाने वालीं लता दीदी अपने गीतों के जरिए करोड़ों देशवासियों के मन में अनंतकाल तक बसी रहेंगी।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने लता मंगेशकर की जयंती पर उन्हें नमन किया है। उन्होंने लिखा- भारत रत्न लता मंगेशकर की जयंती पर उन्हें सादर नमन। वहीं केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लता मंगेशकर को याद करते हुए उनके योगदान को अप्रतिम बताया। उन्होंने लिखा- लता दीदी ने अपने सुरों के जरिए भारतीय संगीत को विश्वपटल पर विशिष्ट पहचान दिलाई। उनकी अप्रतिम, अद्वितीय, अनूठी आवाज संगीत को नव प्राण प्रदान कर समृद्ध करती है। आपके मधुर गीत व दिव्य स्वर युगों-युगों तक हमारे हृदय में जीवंत रहेंगे।
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने लता मंगेशकर को महान सुर साधिका और स्वर सम्राज्ञी बताते हुए विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने लिखा- उनके दिव्य स्वर भारत की आत्मा की अभिव्यक्ति हैं। भक्ति से देशभक्ति तक, विरह से उत्सव तक हर भाव को उनके कंठ ने अमर कर दिया। आपकी वाणी हर भारतीय के हृदय में सदैव गुंजायमान रहेगी।