ज़ी टीवी नया शो ‘मैत्री‘ लेकर आ रहा है।प्रयागराज की पृष्ठभूमि में रचा-बसा यह शो मैत्री और नंदिनी का रोमांचक और ड्रामैटिक सफर दिखाता है, जहां दोनों एक दूसरे को दिल से बहन मानती हैं। बचपन से ही इन दोनों पक्की सहेलियों का आपस में एक अटूट रिश्ता है। यहां तक कि उनकी मांएं भी उनसे ये सवाल करती हैं कि जब दोनों की शादियां हो जाएंगी, तब वो क्या करेंगी? लेकिन उन दोनों को यकीन है कि उनकी दोस्ती को कोई नहीं तोड़ सकता और शादी के बाद भी वो बेस्ट फ्रेंड्स बनी रहेंगी। मगर यूं लगता है जैसे ज़िंदगी ने उन दोनों के लिए कुछ और ही सोच रखा है, जिसे देखकर सभी ये सोचेंगे कि उलझके दो उंगलियां, चलीं जो बरसों साथ… क्या हुआ कि छूटे हाथ? क्या हुआ कि हुए खिलाफ?इस शो में जहां पॉपुलर एक्टर्स श्रेनु पारिख और नमिश तनेजा क्रमशः मैत्री और आशीष का रोल निभाएंगे, वहीं जानी-मानी टेलीविजन एक्टर भाविका चौधरी, मैत्री की बचपन की बेस्ट फ्रेंड नंदिनी के किरदार में नजर आएंगी। नंदिनी एक ग्लैमरस औरत है, जो जहां भी जाती है सबका ध्यान अपनी ओर खींचती है।