ऑनलाइन क्रीमीटेशन सेरेमनी

निजीकरण का शोर चल रहा है। हर तरफ प्राइवेट चीजें खोलने का दौर पल रहा है। इधर पिछवाड़े के एक प्रोफेसर पीपलेश्वर ने अपना विश्वविद्यालय बंद कर दिया है। उन्होंने अपने भैंस तबेले की कमाई से यह विश्वविद्यालय खोला था। उसकी जगह निजी श्मशान घाट खोल लिया है। शहर में जगह-जगह बोर्ड लगा दिए गए हैं। बड़े-बड़े बैनर टांग दिए हैं- मरने का सबसे बेहतरीन स्थान। पीपल छाप श्मशान सेंटर। शहर के बीचों-बीच। प्राइम लोकेशन पर। ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा। गर्मियों के मौसम में एक बुकिंग पर दूसरा मुर्दा एकदम फ्री! कोई छुपा हुआ चार्ज नहीं! आधे खर्चे में पूरा फैमिली पैक! स्विमिंग पूल, फव्वारे, शॉपिंग मॉल, सिनेमा, होटल, तमाम तरह की सुविधाओं वाला एक मात्र श्मशान सेंटर! पीपलेश्वर जी पहले शिक्षा की हवा निकाला करते थे। तब वे प्रोफेसर थे। अब वे मुर्दों की हवा निकालने की क्रिया में लग गए हैं। 

इधर शिक्षा का मामला पानी में बैठ गया है। अगर स्कूलों को श्मशान घाट भी कह दें, तो कोई एतराज नहीं होना चाहिए। अब श्मशान घाटों का मामला अपनी रफ्तार पकड़ गया है। अब हर मुर्दा खटाक से जलना चाहता है। अब मुर्दा फूंकना एक लवली इवेंट है। बच्चों की अपनी जिदें है साहब! मुर्दा भी फूंक दिया और टूरिज्म भी कर लिया। दो घंटे के मुर्दा फूंकन कार्यक्रम में हर कोई रोमांच और मनोरंजन चाहते हैं। इन्हीं बातों को देखकर प्रोफेसर पीपलेश्वर ने अपना निजी श्मशान घाट खोल लिया था। यहां पर ऊंचे लोग ऊंचे दामों में जलना पसंद करते हैं। मार्केट में बड़ा कंपटीशन है। समाज में अपने ढंग की बातें हैं। अरे! उनसे क्या बात करें? उन्होंने तो अपने मुर्दे बाप को खेजड़ी वाले गंवई मुर्दा श्मशान में जलाया था। हम ऐसे नहीं है। हमने विक्की के पापा तक को प्राइवेट श्मशान में भर्ती कराया था। इधर प्राइवेट श्मशान घाटों का अपना एक करंट है, जो हर एक अमीर के भीतर पल रहा है। इधर शानदार फव्वारे लगे हुए हैं। फव्वारों के बीच संगीत चलता है। संगीत की लय के साथ पानी ऊपर-नीचे उठता है। उधर बिना किसी माथा-पचाई के मुर्दा अपने आप जलता रहता है। उसके लिए किसी भी लकड़ी को ऊंची-नीची करने की कोई जरूरत नहीं रहती है। 

पीपल छाप श्मशान शॉपिंग सेंटर में छोटे बच्चों के लिए किड्स प्ले कॉर्नर बनाया गया है। इसमें बच्चे आराम से उछल कूद कर सकते हैं। श्मशान के भीतर ही एक रेस्टोरेंट है। जहां मीनू देखकर मनचाहे ऑर्डर से एंजॉय किया जा सकता है। बगल में बढ़िया स्विमिंग पूल है। फाइव स्टार सुविधाओं से युक्त, एयर कंडीशंड श्मशान घाट में ऑनलाइन बुकिंग कर ऑनलाइन क्रीमीटेशन सेरेमनी की भी व्यवस्था है। इस व्यवस्था के अनुसार किसी भी प्रियजन की मृत्यु होने के बाद अपने घर बैठे ही ऑनलाइन फूंका-फांकी का कार्यक्रम कर सकते हैं। इस सबके लिए इधर-उधर भटकने की जरूरत नहीं है। लकड़ी लगाने से लेकर कपाल क्रिया तक डिजिटल व्यवस्था है। पंडित, पुजारी, हलवाई, बैंड आदि के साथ बारहवें के आयोजन का भी अपना एक पैकेज तैयार है। प्रियजनों के अंतिम संस्कार के साथ डायरेक्ट स्वर्ग का टिकट कटाने वाले यह प्राइवेट श्मशान घाट पैकेज दे रहे हैं।

–रामविलास जांगिड़ (मो 94136 01939)

18, उत्तम नगर, घूघरा, अजमेर  (305023) राजस्थान