ओंकारेश्वर में 15 अगस्त तक शंकराचार्य की विशाल प्रतिमा होगी स्थापित

:: संभागायुक्त डॉ. शर्मा द्वारा ओंकारेश्वर में प्रतिमा निर्माण की समीक्षा ::
इन्दौर । संभागायुक्त डॉ. पवन कुमार शर्मा ने आज गूगल मीट द्वारा आयोजित समीक्षा बैठक में ओंकारेश्वर में की जाने वाली आदि गुरु शंकराचार्य की प्रतिमा स्थापना कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने बैठक में ऑनलाइन शामिल कलेक्टर खंडवा अनूप कुमार सिंह तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रतिमा स्थापना के कार्य को गति देते हुये शीघ्र पूरा करे। कार्य पूर्णता में समय-सीमा का विशेष ध्यान रखें।
संभागायुक्त डॉ. शर्मा ने कहा कि कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें। कार्य में किसी भी तरह की उदासिनता एवं लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। बैठक में बताया गया कि प्रतिमा के लिये पेडस्टल निर्माण का कार्य तेज गति से चल रहा है। यह कार्य माह जून तक पूरा हो जायेगा। प्रतिमा निर्माण का कार्य भी तेज गति से जारी है। बताया गया कि ओंकारेश्वर में शंकराचार्य जी की प्रतिमा स्थापना अगस्त माह में की जाना है। इसकी व्यापक तैयारियां चल रही है। यहाँ आगामी 15 अगस्त तक शंकराचार्य जी की विशाल प्रतिमा स्थापित हो जायेगी। संभागायुक्त डॉ. शर्मा ने रोड़ निर्माण तथा अन्य जरूरी कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की।
:: खरगोन जिले के विकास कार्यों की भी हुई समीक्षा ::
संभागायुक्त डॉ. शर्मा ने इसके पूर्व गुगल मीट से खरगोन कलेक्टर शिवराज वर्मा सहित अन्य अधिकारियों से चर्चा कर खरगोन जिले में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिये निर्माणाधीन सभी विकास कार्यों को पूरा करने के लिये समय-सीमा का निर्धारण किया जाये और कार्य शीघ्र पूरे हो। बताया गया कि नवग्रह मंदिर कॉरिडोर के विकास के लिये 23 करोड़ रूपये की डीपीआर बनाई गई है। प्रथम चरण में 9 करोड़ रूपये खर्च किये जाना है। इसका प्रस्ताव भोपाल भेजा गया है। प्रस्ताव स्वीकृत होते ही कार्य प्रारंभ कर दिया जायेगा। बताया गया कि खरगोन में जल आपूर्ति योजना का कार्य पूर्णता की ओर है। सभी कार्य 15 मई तक पूरे हो जायेंगे और जल आपूर्ति प्रारंभ हो जायेगी।
बैठक में संभागायुक्त डॉ. शर्मा ने बिस्टान, भीकनगांव बिंजलवाड़ा तथा बलकवाड़ा माईक्रो उद्वहन परियोजना की प्रगति की समीक्षा की। बताया गया कि कार्य तेजी से जारी है। उन्होंने खरगोन के नर्मदा शिप्रा लिंक परियोजना की प्रगति के संबंध में जानकारी ली।