सदर बाजार हज हाउस पर हजयात्रियों की आमद का सिलसिला आज से शुरू होगा

इन्दौर। हज के मुक़द्दस सफर के लिए इंदौर का हज हाउस अल्लाह के घर के मेहमानों के इस्तक़बाल के लिए तैयार है। कल चार जून को पहली फ्लाइट से जाने वाले 140 हज मुसाफिरों की आमद का सिलसिला हज हाउस पर आज से शुरू हो रहा है। जिला हज कमेटी व इन्तेज़ामिया कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक भी हुई। जिसमें तमाम तैयारियों का जायज़ा लिया गया। शहर काजी इशरत अली भी साथियों के साथ मोर्चा संभाले नज़र आये।
जिला हज कमेटी के अध्यक्ष राशिद शेख ने बताया राज्य हज कमेटी के चेयरमैन रफत वारसी की निगरानी में प्रदेश भर के हज यात्रियों को बेहतर सहूलियत के प्रबंध किए हैं। हज यात्रियों के ठहरने, खाने-पीने, स्वास्थ्य और पीने का ठंडा पानी पीने व अन्य जरूरतों की समय पर व्यवस्था सुनिश्चित की गयी है। कूलर, पंखे सहित अन्य व्यवस्थाएं की गयी है। हज हाउस पर रिपोटिंग के लिए सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक हज फीस जमा करने की रसीदें और हज इंटीमेशन लैटर साथ लाना ज़रूरी है। दोपहर 2:15 से 4 बजे के बीच हज हाउस के काउंटर से ओरिजनल पासपोर्ट, ई-वीजा,फ्लाइट टिकिट / बोर्डिंग पास, बैग स्टीकर, आई कार्ड, ब्रेसलेट आदि दिए जाएंगे। प्रशासन द्वारा बताया गया कि हज यात्रियों को फ्लाइट के समय से छह घंटा पहले चेक इन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी और फ्लाइट के समय से चार घंटा पहले बसों के द्वारा यात्रियों को एयरपोर्ट पहुंचा दिया जाएगा। हाजियो का लगेज सीधे जेद्दा में मिलेगा। यात्री केवल हैंडबैग लेकर बसों से एयरपोर्ट भेज जाएंगे। उनकी फ्लाइट भी सीधे जेद्दा नहीं जाएगी। बल्कि इंदौर से हैदराबाद, फिर वहां से जेद्दा रवाना होंगे। हज के लिए फ्लाइट शेड्यूल भी जारी कर दिया गया है। हज कमेटी के जिला अध्यक्ष राशिद शेख ने बताया जिन हज यात्रियों की फ्लाइट मुम्बई से है उनकी डेट आ गई है। सभी हज यात्रियों से ग़ुज़ारिश है हज कमेटी ऑफ इंडिया कि वेबसाइट पर अपने कवर नंबर से चेक कर लें।