सम्पूर्ण भारत में 8 से 9 करोड़ गौ माता को भोजन व आवास की जरूरत..!

:: भोजन और आवास की उचित व्यवस्था हो जाए तो गौ माता का कत्ल अपने आप बंद हो जाएगा : स्वामी दत्तशरणानंद महाराज
इन्दौर । सम्पूर्ण भारत में 8 से 9 करोड़ गौ माता को भोजन व आवास की जरूरत है। यदि भोजन और आवास की उचित व्यवस्था हो जाएगी तो अपने आप ही गौ माता का कत्ल बंद हो जाएगा। सभी गौ भक्त यदि सार्थक प्रयास करें तो यह संभव हो जाएगा। गौ माता की सेवा का यह अनुष्ठान कठिन नहीं है। गौ माता का अधिकार उनको वापस मिलना चाहिए।
लालबाग में आयोजित वेद लक्षणा श्रद्धा महोत्सव में शुक्रवार को श्री गौ धाम पथमेढा के संस्थापक स्वामी दत्तशरणानंद महाराज ने दर्शन, संवाद में यह अमृत वचन कहे। स्वामीजी ने कहा कि बैकुंठ धाम से भी ऊंची धरती माता है क्योंकि यहां पर गौ माता विराजित हैं। गौ माता और नदी एक ही हैं। आज दोनो ही दुखी हैं। ये सुखी होंगी तो ही भारत सुखी और समृद्धिशाली बनेगा। कभी भारत में गौ माता की 108 नस्लें थीं। स्वामीजी ने कहा कि मैंने संकल्प लिया है कि एक वर्ष तक नर्मदा के दोनों किनारों की सम्पूर्ण परिक्रमा कर इसके परिक्षेत्र में जो नस्लें हैं उन्हें खोजकर उनका संवर्धन एवं संरक्षण करना है। सरकारें भी इस तरफ पहल करें। सम्पूर्ण धरती गौ माता की है। जब गाय घर में रहेगी तो मनुष्य को मंदिर जाने की जरूरत नहीं होगी। गौ माता के बारे में ज्यादा से ज्यादा अनुसंधान कार्यों की जरूरत है। महोत्सव स्थल पर स्वामीजी का अनेक भक्तों ने प्रतिदिन तुलादान करवाकर गौ माता के लिए खाद्य पदार्थों का दान किया। स्वामीजी ने कहा कि वेदों में भी उल्लेखित है कि व्यक्ति यदि अपने वजन के बराबर सामग्री दान करे तो उसे सुख, समृद्धि और गौ माता का आशीर्वाद प्राप्त होता है।
:: जिस शहर – गांव, घर में गौ माता मंगलमय अवस्था में हैं, वहां सब कुछ मंगलमय होगा ::
गोपालाचार्य स्वामी गोपालानंद सरस्वती महाराज ने गौ कथा का अमृत पान कराते हुए कहा कि जिस गौ माता के चरणों में सारे देवता विराजते हैं, वह गौ माता मनुष्य को सारे वैभव सुख दे सकती है। शर्त यही है कि हम गौ माता को सम्मान दें, उसकी रक्षा करें, पूजा करें। गौ माता कामधेनु हैं। जिस शहर – गांव, घर में गौ माता मंगलमय अवस्था में हैं, वहां सब कुछ मंगलमय होगा। भारत की तरफ अनेक देशों की बुरी नजरें हैं, वे युद्ध करने को आतुर हैं लेकिन हम इसलिए सुरक्षित हैं क्योंकि हर हिंदू गौ को माता मानता है। भगवान बैकुंठ छोड़कर आपके घर, मन मंदिर में तभी आएंगे जबकि आपके घर में गौमाता हो। उन्होने कहा कि हम यहां जो धन संचित कर रहे हैं, वह यहीं रह जाएगा, साथ में ले जाने के यदि धन संचित करना चाहते हो तो उसे गौ माता की सेवा में लगाओ।
:: गायों को चढ़ाया गया छप्पन भोग, श्रद्धालु लेकर आए सामग्री ::
शुक्रवार का दिन इन्दौर के इतिहास में अंकित हो गया जब लालबाग में चल रहे वेदलक्षणा गौ श्रद्धा महामहोत्सव में गौ माता को छप्पन भोग लगाए गए। 108-108 किलो काजू, किशमिस सहित ड्राय फ्रूट्स, टमाटर, गिलकी, संतरे, गाजर, ग्वारफली, ककड़ी, केला, तरबूज, पपीता, चीकू, सेंवफल, मक्का, जुवार, बाजरा, मूंग, मूंगफली, घास, खोपरा गोला, पशु आहार, गोभी, लौकी, गुड़, जाम, तेल और अनेक खाद्य पदार्थों के थाल सजे थे। प्रत्येक सामग्री का वजन 108-108 किलो था।
महामंत्री मनीष बिसानी एवं संजय कटारिया ने बताया कि पथमेड़ा गौ धाम के संस्थापक स्वामी दत्तशरणानंद महाराज ने विप्रजनों द्वारा किये गए वेद मंत्रोच्चार के साथ गौ माता को छप्पन भोग अर्पण किए। बाद में ये भोग आसपास की गौ शालाओं को अर्पण किया गया। इस अवसर पर पथमेड़ा गौ धाम के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल एवं महामंत्री आलोक सिंहल भी मौजूद थे। बड़ी संख्या में गौ भक्तों ने छप्पन भोग के इस अनुपम अनुष्ठान के दर्शन किए। इस आनंद की छटा निराली थी।
:: कैलाश विजयवर्गीय एवं शंकर लालवानी का सम्मान ::
कथा स्थल पर आज भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय तथा सांसद शंकर लालवानी पहुंचे। स्वामी गोपालानंद सरस्वती ने उनका सम्मान किया।
:: शनिवार 14 अक्टूबर को अंतिम दिन, गोपुच्छ तर्पण एवं नंदी उत्सर्ग कार्यक्रम होगा ::
अध्यक्ष विनोद अग्रवाल, किशोर गोयल ने बताया कि इस महामहोत्सव का समापन शनिवार को सर्वपितृ अमावस्या के दिन होगा। इस दिन कई आयोजन होंगे। राजेंद्र असावा ने बताया कि अतृप्त आत्मा की शांति के लिए गो पुच्छ तर्पण का आयोजन प्रातः 8 बजे से प्रारम्भ होगा। अशोक मूंदड़ा ने बताया कि प्रातः 11.30 बजे नंदी उत्सर्ग एवं गोदान उत्सव मनाया जाएगा। इस अवसर पर 36 गौशालाओं को उच्च नस्ल के नंदी सहित 4 गो वंश प्रदान किए जाएंगे।
:: देर रात तक चला कवि सम्मलेन, हरिओम पंवार ने समां बांधा ::
कल रात आयोजित कवि सम्मलेन देर रात तक चलता रहा। हरिओम पंवार ने अपनी वीर रस की कविताएं प्रस्तुत कर समां बांध दिया।
उमेश/पीएम/13 अक्टूबर 2023