अहमदाबाद | देश के पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर से प्रारंभ हुई कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का गुजरात में आगमन हो गया है| राजस्थान से गुजरात में प्रवेश करने के बाद राहुल गांधी ने झालोद में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कई मुद्दों को लेकर सरकार पर कड़े प्रहार किए| बता दें कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा 7 जिलों में यात्रा करेगी| इसके अंतर्गत 8 मार्च को दाहोद बस स्टैंड से यात्रा शुरू होगी| राहुल गांधी ने झालोद में एक सार्वजनिक सभा को संबोधित करते हुए जाति आधारित जनगणना, आदिवासी आबादी और उनकी भागीदारी और बेरोजगारी को लेकर सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आदिवासियों की आबादी 8 प्रतिशत है, जबकि आदिवासी अधिकारियों की भागीदारी 6 प्रतिशत है| साथ ही उन्होंने जाति आधारित जनगणना के मुद्दे पर भी हमला बोला| उन्होंने कहा कि भारत के हवाई अड्डे, बंदरगाह, खनन, बिजली उत्पादन, सौर ऊर्जा, पवन ऊर्जा, जहां भी आप देखेंगे, एक व्यक्ति दिखाई देगा। अगर मैं सब कुछ गिनाऊंगा तो दो या तीन घंटे लग जायेंगे| राहुल गांधी ने यह भी कहा कि देश की सबसे बड़ी समस्या बेरोजगारी है| इसके अलावा राहुल गांधी ने कहा कि राम मंदिर तो मशहूर हो गया, लेकिन देश के राष्ट्रपति इसमें नजर नहीं आए| राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा ऐसे समय में गुजरात पहुंची है, जब प्रदेश कांग्रेस सबसे बुरे दौर से गुजर रही है| गुजरात में एक के बाद एक विधायक, नेता और पदाधिकारी कांग्रेस छोड़ भाजपा जॉइन कर रहे हैं| इन सबके बीच भारत जोड़ो न्याय यात्रा लेकर गुजरात पहुंचे राहुल गांधी राज्य में 4 दिन बिताएंगे| इस दौरान राहुल गांधी गुजरात के 7 जिलों में 400 किलोमीटर से ज्यादा की यात्रा करेंगे| इन 7 जिलों में दाहोद, पंचमहल, छोटाउदेपुर, भरुच, सूरत, नर्मदा और तापी शामिल है|