नगर निगम कर्मचारियों की प्रमुख मॉंगों का शीघ्र निराकरण करें : सुनील बंसल –

:: इ.न.पा.नि. कर्मचारी परिषद् ने महापौर और निगम कमिश्नर को लिखा 11 सूत्रीय मॉंग पत्र ::
इन्दौर । लोकसभा चुनाव की तैयारियॉं जारी है, इस बीच इ.न.पा.नि. कर्मचारी परिषद् के अध्यक्ष सुनील बंसल ने महापौर पुष्यमित्र भार्गव और निगम कमिश्नर श‍िवम वर्मा को 11 सूत्रीय मॉंग पत्र लिखकर नगर निगम, इन्दौर के कर्मचारियों की प्रमुख मॉंगों का शीघ्र निराकरण करने की मॉंग की है।
भारतीय मजदूर संघ से सम्बद्ध इ.न.पा.नि. कर्मचारी परिषद् के अध्यक्ष सुनील बंसल द्वारा मांग की गई है कि शासन आदेश अनुसार सभी पात्र कर्मचारियों को शीघ्र समयमान वेतनमान का लाभ दिया जाये। 31 दिसम्बर 2019 तक के इन्दौर नगर निगम में नियुक्त सभी मस्टर कर्मचारियों को विनियमित किया जाये। 29-29 दिनों पर नियुक्त मस्टर कर्मचारियों को 89-89 दिन पर नियुक्त किया जाये। साथ ही रिक्त पदों पर पदोन्नति करने, तीन वर्ष से अधिक प्रतिनियुक्ति पर पदस्थ अधिकारियों/कर्मचारियों को उनके मूल शासकीय विभागों में वापस भेजे जाने, म.प्र. नगर पालिक निगम अधिनियम 1956 की धारा 69 (4) का उपयोग कर जूनियर कर्मचारियों को उच्च पद का प्रभार दिया गया है, उसे निरस्त कर वरियता एव योग्यता के आधार पर उच्च पदों का प्रभार देने की मॉंग की गई है।
इ.न.पा.नि. कर्मचारी परिषद् की ओर से यह भी मॉंग की गई है कि आगामी 3 वर्षों में सेवानिवृत होने वाले निगम कर्मचारियों की सूची जारी की जाये। साथ ही निगम कर्मचारियों की सी.आर (गोपनीय चरित्रावली) प्रतिवर्ष मार्च अप्रैल माह में लिखने हेतु उच्च अधिकारियों को निर्देशित किया जाये। अनुचित रूप से निलिंबित कर्मचारियों को पुन: बहाल किया जाये। कर्मचारियों की निलंबन अवधी का निराकरण शासन आदेश अनुसार अधिकतम 5 माह में किया जाये तथा रिक्त पदों पर व्यापम के माध्यम से पहले नियुक्ति न करते हुए वर्षों से मस्टर रोल पर काम कर रहे कर्मचारियों को स्थायी पदों पर नियुक्त करने जैसी मॉंगों को लेकर कर्मचारी परिषद् के अध्यक्ष सुनील बंसल ने महापौर पुष्यमित्र भार्गव और निगम कमिश्नर श‍िवम वर्मा से कर्मचारियों के हित में उनकी मॉंगों का शीघ्र निराकरण करने का अनुरोध किया है।