लोकसभा चुनाव की दृष्टि से युवा मोर्चा की बैठक संपन्न

हर बूथ पर माइक्रो प्लानिंग के साथ काम करें :सुमित पचौरी
युवा मोर्चा मोदीजी के संकल्प को पूरा करने प्राण-प्रण से जुट जाएं : आलोक शर्मा
भोपाल । लोकसभा चुनाव की दृष्टि से भोपाल जिले के युवा मोर्चा की एक महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को लोकसभा चुनाव कार्यालय में संपन्न हुई। इस बैठक को जिलाध्यक्ष सुमित पचौरी, भोपाल लोकसभा के प्रत्याशी आलोक शर्मा, पूर्व सांसद एवं भोपाल लोकसभा चुनाव के संयोजक आलोक संजर सहित युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष अजय पाटीदार ने संबोधित किया। बैठक में लोकसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा के साथ ही युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं को पार्टी व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हर बूथ पर अतिरिक्त 370 वोट के संकल्प पर काम में जुटने के किए प्रेरित किया गया। प्रत्याशी आलोक शर्मा ने युवाओं से आव्हान किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी योजनाएं और विकास कार्यों को लेकर घर-घर जाएं। जनता से संवाद स्थापित कर भाजपा के समर्थन में माहौल बनाने का काम करें। शर्मा ने कहा कि मैं भी युवा मोर्चा में जिला अध्यक्ष रहा। मैं भी घर-घर जाकर पर्चियां बंटता था। ठेले और तांगे पर अनाउंसमेंट किया करता था। पंपलेट बांटने का काम किया। आज पार्टी ने मुझे भोपाल सीट से सांसद का टिकट दिया है तो यह आलोक शर्मा का सम्मान नहीं बल्कि एक पार्टी के घर-घर पार्टी की पर्ची बांटने वाले और प्रचार करने वाले कार्यकर्ता का सम्मान है। आप युवा हैं अपार शक्ति और क्षमताओं से भरे हुए हैं। आप पार्टी के संकल्प को पूरा करने के लिए प्राण-प्रण से जुट जाएं। जिलाध्यक्ष सुमित पचौरी ने अपने संबोधन में युवाओं से कहा कि हर क्षेत्र में मोदीजी की गारंटी चल रही है। इसे जन-जन तक प्रचारित करें। इस बार भोपाल लोकसभा सीट पर ऐतिहासिक जीत होना चाहिए। पचौरी ने कहा कि हर बूथ पर ऐसा प्रबंधन करें कि कांग्रेस मुक्त बूथ बने। माइक्रो प्लानिंग के साथ काम करें। आज पूरे देश में भाजपा के प्रति माहौल है। हम सरकार की नीतियों से जनता को अवगत कराएं। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष सुमित पचौरी लोकसभा प्रत्याशी आलोक शर्मा पूर्व लोकसभा सांसद आलोक संजर, प्रदेश कार्य समिति सदस्य सत्यार्थ प्रकाश अग्रवाल युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष अजय पाटीदार, युवा मोर्चा प्रदेश कार्य समिति सदस्य कपिल शर्मा युवा मोर्चा जिला महामंत्री दिव्या ऋषि तिवारी, अजय साहू सहित जिले भर के युवा कार्यकर्ता शामिल थे।