नई दिल्ली । इस वक्त देश में गर्मी अपने शबाब पर है। इस गर्मी से बचने लोग ठंडा पेय और मुंह ढंककर घर से बाहर निकल रहे हैं। देश के कई राज्यों में तो हीटवेव का जोर है। इससे बीमार लोगों से अस्पताल भरे पड़े हैं। वही मौसम भी अपने मिजाज बदल रहा है। देश कुछ राज्यों में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है तो वहीं कुछ इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावनाएं है। वहीं मौसम विभाग ने 7 मई को पूर्वी मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, झारखंड और विदर्भ के कुछ हिस्सों में ओले गिरने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के मुताबिक गुजरात, विदर्भ, तमिलनाडु, राजस्थान, पश्चिम मध्य प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में हीटवेव का दौर जारी रहेगा। इसके अलावा गंगीय पश्चिम बंगाल में आंधी और बारिश भी हो सकती है। देश की राजधानी दिल्ली में आज 42 डिग्री तापमान के बीच आंधी और धूल भरी हवाएं चलने की संभावना है। दिल्ली में गर्मी के साथ 9 मई तक तेज हवाओं चलने की संभावना है। हालांकि, 11 और 12 मई को दिल्ली में गरज-चमक के साथ बारिश होने के भी आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक इस हफ्ते दिल्ली का अधिकतम तापमान 41-42 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
पूर्वोत्तर भारत में मध्यम बारिश और गरज के साथ बिजली गिरने और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। 7 मई को असम और मेघालय में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं गंगीय पश्चिम बंगाल में 7 और 8 मई को अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। इसके अलावा 7 से 9 मई के बीच पूर्वी बिहार, पूर्वी झारखंड, ओडिशा, दक्षिणी छत्तीसगढ़, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और दक्षिणी कर्नाटक में हल्की से मध्यम बारिश और तूफान, बिजली और ओलावृष्टि हो सकती है।
वहीं पूर्वी और दक्षिणी मध्य प्रदेश, विदर्भ में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। उत्तराखंड और केरल में हल्की बारिश संभव है। अगले 24 घंटों के दौरान गंगीय पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों और तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, झारखंड और तमिलनाडु में एक या दो स्थानों पर लू चल सकती है लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।