महू में कांग्रेस का मेगा शो: राहुल गांधी की बड़ी रैली के पीछे क्या है रणनीति?

भोपाल । आज सोमवार मध्य प्रदेश के महू में कांग्रेस का मेगा शो होने जा रहा है, जिसमें पार्टी के शीर्ष नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित कांग्रेस के तमाम बड़े नेता शामिल होंगे। इस रैली को जय भीम, जय बापू, जय संविधान रैली के नाम पर किया जा रहा है। इसे कांग्रेस का साल का पहला बड़ा अभियान माना जा रहा है।
कांग्रेस ने इस रैली के लिए डेढ़ लाख लोगों को जुटाने का लक्ष्य रखा है, और प्रदेशभर से कार्यकर्ता महू पहुंच रहे हैं। रैली में कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, डिप्टी सीएम, प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष भी शिरकत करेंगे। सवाल उठाए जा रहे हैं कि आखिर इस बड़ी रैली को करने के लिए महू को ही क्यों चुना गया? दरअसल इसके पीछे कई राजनीतिक कारण हैं, जैसे कि संविधान निर्माता बाबा साहिब डॉ. भीमराव आंबेडकर की जन्मस्थली – महू है और ऐसे में यह रैली डॉ. आंबेडकर से जुड़ाव को सामाजिक न्याय और संविधान की रक्षा जैसे मुद्दों पर केंद्रित करने में सफल रहने वाला है।
जातीय समीकरण को यदि एक समय के लिए भुला भी दिया जाए तो भी महू की भौगोलिक स्थिति इसे महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ और गुजरात जैसे राज्यों तक कांग्रेस का संदेश पहुंचाने के लिए आदर्श बना सकती है। अब चूंकि कांग्रेस इस रैली के जरिए हिंदी भाषी राज्यों में अपनी पकड़ को मजबूत करना चाह रही है, तो ऐसे में यह रैली आगामी दिनों में बीजेपी के लिए चुनौती भी साबित हो सकती है।
यह रैली के माध्यम से कांग्रेस एससी-एसटी और हिंदी पट्टी में अपना प्रभाव बढ़ा पाएगी यह देखने वाली बात होगी, फिलहाल प्रदेश के पार्टी कार्यकर्ता और नेता राहुल-प्रियंका के आगमन से खासे उत्साहित हैं। इस मेगा शो ने राजनीतिक गलियारों में हलचल जरूर बढ़ा दी है।