दशहरा मैदान पर 30 मार्च से ‘सबके राम’ का दिव्य आयोजन –

:: रामलला मंदिरकी भव्य प्रतिकृति बनेगी ; श्रीराम महायज्ञ हेतु भूमि पूजन आज ::
:: अयोध्या की पवित्र मिट्टी और सरयू के पावन जल के दर्शन भी होंगे ::
:: प्रतिदिन रंगारंग सांस्कृतिक संध्या के आयोजन भी ::

इन्दौर । दशहरा मैदान पर पिछले तीन वर्षों की तरह इस वर्ष भी 30 मार्च से 6 अप्रैल तक 8 दिवसीय श्रीराम जन्मोत्सव, श्रीराम महायज्ञ व उत्सव मेले का दिव्य आयोजन किया जा रहा है, जिसका भूमि पूजन रविवार, 2 मार्च को सुबह 10 बजे विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी में होगा। अयोध्या के भव्य एवं दिव्य रामलला मंदिर की प्रतिकृति भी इस महोत्सव में आम नागरिकों के दर्शनार्थ प्रदर्शित की जाएगी। श्रीराम महायज्ञ भी होगा, जिसमें प्रतिदिन सैकड़ों युगल सनातन धर्म की एकता और सुदृढ़ता के लिए आहुतियां समर्पित करेंगे।अयोध्या की पवित्र माटी के साथ सरयू के पावन जल के दर्शन भी यहां प्रतिदिन आम भक्तों को हो सकेंगे।
सबके राम लोक कल्याण समिति के प्रमुख संयोजक महेंद्र सिंह चौहान एवं सचिव प्रवीणा अग्निहोत्री ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि इस दिव्य महोत्सव का मुख्य प्रयोजन यही है कि जिस तरह हम 10 दिवसीय गणेशोत्सव और 9 दिवसीय नवरात्रि महोत्सव मनाते हैं, उसी तरह घर-घर में पूरे उल्लास के साथ प्रभु श्रीराम का जन्मोत्सव भी मनाया जाए। दशहरा मैदान पर इस महोत्सव एवं उत्सव मेले की व्यापक तैयारियां शुरू हो गई है। रविवार, 2 मार्च को सुबह 10 बजे सांसद शंकर लालवानी एवं विहिप तथा संघ के वरिष्ठ नेताओं के आतिथ्य में भूमि पूजन के तुरंत बाद यहां मंदिर की प्रतिकृति की संरचना, श्रीराम महायज्ञ एवं प्रतिदिन संध्या को रंगारंग गीत- संगीत, नृत्य के साथ सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों से आम नागरिकों को जोड़ने के लिए वार्ड स्तर पर घर-घर पीले चावल देकर आमंत्रण दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को भी आमंत्रित किया गया है। आयोजन समिति की नियमित बैठके सबके राम कार्यालय, लोक कल्याण समिति के महू नाका चौराहा स्थित नगर निगम मार्केट पर सुबह 11 से सायं 5 बजे तक हो रही है। बड़ी संख्या में शहर के पार्षद एवं जनप्रतिनिधि नियमित भाग लेकर महोत्सव की तैयारियों के लिए मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं। अब तक निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 23 मार्च को फाग महोत्सव का वृहद आयोजन होगा।
उन्होंने बताया कि चैत्र प्रतिपदा गुड़ी पड़वा, चेटीचंड, युगाब्दि एवं हिन्दू नववर्ष के उपलक्ष्य में इस महोत्सव में 30 मार्च को सुबह 10 बजे गुड़ी पूजन कर गुड़ और धनिया का प्रसाद वितरण भी होगा। मैदान पर रामलला के मंदिर की भव्य प्रतिकृति में प्रतिदिन दर्शन, पूजन एवं आरती के नियमित आयोजन होंगे। श्रीराम महायज्ञ भी प्रतिदिन सुबह 7 से 10 बजे तक होगा। रामलला मंदिर की प्रतिकृति के दर्शन आम लोगों के लिए सुबह 7 से रात 11 बजे तक खुले निशुल्क रहेंगे। उत्सव मेला दोपहर 3 बजे से रात 11 बजे तक चलेगा, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों की संस्कृति, रहन-सहन, दिनचर्या और परंपराओं का दिव्य दर्शन देखने को मिलेगा। प्रभु श्रीराम पर आधारित साहित्यिक, सांस्कृतिक कार्यक्रम, नृत्य, गायन एवं अन्य स्पर्धाएं भी प्रतिदिन रात 8 बजे से होंगी। महोत्सव के कार्यक्रमों को अंतिम रूप देने हेतु आयोजन समिति की नियमित बैठकें हो रही हैं। गत वर्ष इंडिया बुक ऑफ रिकार्डस ने इस आयोजन को विश्व कीर्तिमान में शामिल किया था।